Automobile desk: बजाज ऑटो ने अपनी लोकप्रिय बाइक पल्सर N250 का एक नया और ज्यादा एडवांस्ड वर्जन भारतीय बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने नई पल्सर N250SS को ₹1,59,406 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया है। इस मॉडल में कंपनी ने डिजाइन के साथ-साथ मैकेनिकल और टेक्नोलॉजी के मोर्चे पर भी कई बड़े बदलाव किए हैं, जो राइडर्स को काफी पसंद आने वाले हैं।
इस नई मोटरसाइकिल में सबसे बड़ा अपडेट इसका इंजन सेटअप है। बजाज ने इसमें 249cc का नया और अपडेटेड 4-वाल्व इंजन दिया है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी के साथ जोड़ा गया है। इसके अलावा इसमें नया 6-स्पीड गियरबॉक्स भी मिलता है, जो हाईवे पर लंबी राइड्स के दौरान बाइक को क्रूज करने में काफी मदद करेगा। गियर शिफ्टिंग को और ज्यादा आसान और तेज बनाने के लिए इसमें बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी दिया गया है, जिसकी मदद से राइडर को बिना क्लच दबाए गियर बदलने की सुविधा मिलती है।
फीचर्स के मामले में भी यह बाइक काफी आगे निकल गई है। इसमें नया 5-इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और गूगल मैप्स मिररिंग जैसे फीचर्स को सपोर्ट करता है। यानी अब राइडर अपनी बाइक की स्क्रीन पर ही नेविगेशन के रास्ते देख सकता है। इसके अलावा रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसमें USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट और बिल्कुल नया स्विचगियर भी जोड़ा गया है, जिससे इसका केबिन या कहें हैंडल बार और भी प्रीमियम नजर आता है।

सुरक्षा और राइडिंग के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने इसमें पांच अलग-अलग राइडिंग मोड्स- स्पोर्ट, रोड, रेन, ऑफ-रोड और टूर दिए गए हैं। साथ ही इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम भी मिल जाता है, जो गीली या फिसलन भरी सड़कों पर बाइक के पहियों को फिसलने से रोकता है और कंट्रोल मजबूत रखता है। बाइक के लुक को स्पोर्टी बनाने के लिए इसमें गोल्ड फिनिश वाले USD फ्रंट फोर्क्स, रेड अलॉय व्हील्स, नए ग्राफिक्स और एडजस्टेबल क्लच व ब्रेक लीवर दिए गए हैं।
अगर बात करें कीमत की, तो यह नया वर्जन स्टैंडर्ड पल्सर N250 के मुकाबले करीब ₹14,000 महंगा है। हालांकि, इतनी अतिरिक्त कीमत के एवज में कंपनी ने इसमें जो 4-वाल्व इंजन, 6-स्पीड गियरबॉक्स, TFT डिस्प्ले और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स जोड़े हैं, वे इसे इस सेगमेंट में एक बेहतरीन विकल्प बनाते हैं।

