Automobile Desk: भारतीय टू-व्हीलर बाजार में परफॉर्मेंस बाइक्स की मांग लगातार बढ़ रही है और इसी सेगमेंट में बजाज ऑटो ने अपनी फ्लैगशिप बाइक पल्सर NS400Z को एक बड़े टेक-अपग्रेड के साथ पेश किया है। कंपनी ने इस बार बाइक के फीचर्स पैकेज में कई आधुनिक बदलाव किए हैं, जो खासतौर पर उन राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं जो कम बजट में दमदार पावर और नई टेक्नोलॉजी की उम्मीद रखते हैं। नए बदलावों के साथ इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1.90 लाख रुपये रखी गई है।

सबसे बड़ा और अहम बदलाव बाइक के कॉकपिट में देखने को मिलता है। बजाज ने पुरानी साधारण LCD स्क्रीन को हटाकर अब इसमें 5-इंच की नई फुल TFT डिस्प्ले लगा दी है। यह नया कंसोल न केवल देखने में प्रीमियम लगता है, बल्कि राइडिंग के दौरान जानकारी को पढ़ना भी काफी आसान बनाता है।
इस नए इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में कनेक्टिविटी के आधुनिक विकल्प दिए गए हैं। यह नया सिस्टम स्मार्टफोन से ब्लूटूथ और वाई-फाई दोनों माध्यमों से कनेक्ट हो जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि राइडर्स सीधे स्क्रीन पर गूगल मैप्स का नेविगेशन देख सकते हैं। एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक और राहत की बात यह है कि नेविगेशन का इस्तेमाल करते समय उन्हें अपने फोन की स्क्रीन ऑन रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे राइड के दौरान फोन की बैटरी की बचत होगी।
कनेक्टिविटी फीचर्स के अलावा, इस नए डिस्प्ले के जरिए राइडर म्यूजिक कंट्रोल कर सकते हैं, जरूरी डिजिटल डॉक्यूमेंट्स स्टोर कर सकते हैं और लैप टाइमर जैसी फीचर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन सभी सेटिंग्स को आसानी से नेविगेट करने के लिए हैंडल पर नए और प्रीमियम स्विचगियर भी दिए गए हैं। बाइक में अलग-अलग रास्तों और मौसम के हिसाब से चार राइडिंग मोड्स- रोड, रेन, स्पोर्ट और ऑफ-रोड मिलते हैं।
मैकेनिकली बाइक में वही भरोसा कायम रखा गया है। इसमें 349cc का लिक्विड-कूल्ड, 4-वाल्व सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 9,000 rpm पर 40 PS की मैक्सिमम पावर और 7,500 rpm पर 33 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस पावरफुल इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। स्मूथ राइड और तेज गियर शिफ्टिंग के लिए इसमें राइड-बाय-वायर थ्रॉटल, स्लिपर क्लच और क्विकशिफ्टर जैसे फीचर्स शामिल हैं।
सुरक्षा और कम्फर्ट के मामले में भी बजाज ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। बाइक में फ्रंट में USD फोर्क्स, सिंटर्ड ब्रेक पैड्स, एडजस्टेबल लीवर्स, पैनिक ब्रेक अलर्ट, ऑल-LED लाइटिंग सेटअप और सफर के दौरान फोन चार्ज करने के लिए USB Type-C पोर्ट दिया गया है।

