राकेश चतुर्वेदी, बालाघाट । मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही भारी अंतर्कलह का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। जिले के खैरलांजी में शरद पूर्णिमा के पूर्व आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच उस समय राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया, जब कांग्रेस के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार नगपुरे ने अपनी ही पार्टी के विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल पर जमकर भड़ास निकाली।

विकास कार्यों को लेकर बरसे नेताजी

सार्वजनिक मंच से बोलते हुए कांग्रेस नेता रामकुमार नगपुरे ने विधायक विवेक पटेल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता को सिर्फ विधायक का चेहरा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास कार्य चाहिए। नगपुरे ने आरोप लगाया कि विधायक ने सड़क निर्माण का भूमिपूजन तो करवा दिया, लेकिन अब तक सड़क नहीं बनी। इसके साथ ही खैरलांजी क्षेत्र की करीब 30 पंचायतों में विकास कार्य न होने और ठेकेदारी चुनिंदा लोगों को दिए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया।

नगपुरे यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि “तीन जूते मारूंगा।” उनका यह बयान और गुस्सा अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बीजेपी के पूर्व मंत्री की तारीफ 

इस पूरे वाकये का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि अपनी ही पार्टी के विधायक को खरी-खोटी सुनाते हुए कांग्रेस नेता रामकुमार नगपुरे ने मंच से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के कार्यकाल की जमकर तारीफ की। कांग्रेस नेता द्वारा विपक्षी दल के नेता की तारीफ करना और अपनी पार्टी के विधायक को सरेआम धमकी देना अब चर्चा का विषय बन गया है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m