राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ बालाघाट। जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह के सामने एक महिला ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर खुलकर शिकायत की। महिला ने सफाई, शौचालय, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बताते हुए कहा कि अधिकारी रात में बिना सूचना अस्पताल आएं, तभी वास्तविक स्थिति का पता चलेगा। शिकायतें सुनकर मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारी असहज नजर आए।

नवागत कलेक्टर पहली बार जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। शिशु वार्ड में महिला ने बताया कि खिड़कियों में जाली और कांच नहीं होने से मच्छर आते हैं। उल्टी के लिए बाल्टी तक उपलब्ध नहीं है और वार्ड में गंदगी रहती है। नाश्ता नहीं मिलने से परिजनों को कैंटीन जाना पड़ता है। मरीजों को मिलने वाली दाल-सब्जी की गुणवत्ता पर भी उसने सवाल उठाए।

महिला ने नर्सिंग स्टाफ के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई। महिला ने कहा कि अधिकारियों के निरीक्षण की सूचना मिलते ही सफाई करा दी जाती है, लेकिन बाद में व्यवस्थाएं फिर बिगड़ जाती हैं। शिकायतें सुनने के बाद कलेक्टर ने सुधार का आश्वासन देते हुए लगातार निरीक्षण करने की बात कही।

कलेक्टर ने ट्रॉमा सेंटर के सामने बह रहे गंदे पानी की निकासी, शौचालयों की बेहतर सफाई और मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन का मेन्यू देखा और नाश्ते में दिए जा रहे उपमा का स्वाद भी चखा। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m