कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। 2 सितम्बर को ‘बलराम जयंती महोत्सव’ पर ग्वालियर के मेला मैदान में भव्य आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव यहां बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान किसान हित की कई सौगातों का शुभारंभ करेंगे। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल, 200 नवीन पैक्स के कार्यालयों का शुभारंभ होगा। 

कार्यक्रम में किसान हित की योजनाओं और सहकारिता को नया विस्तार मिलेगा। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। सुबह 10.30 बजे से कार्यक्रम होगा। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, कन्हैया लोकगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महोत्सव में दोपहर 2 बजे के बाद आगमन होगा। बलराम जयंती महोत्सव में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी शामिल होंगे। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रिगण भी मौजूद रहेंगे। अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव सहित विभिन्न आयोगों, प्राधिकरणों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

ये सौगात होगी खास

– किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ
– शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण एवं कृषक कवच योजना का शुभारंभ
– प्रदेश में नवीन पंजीकृत 200 प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं (पैक्स) के कार्यालयों का शुभारंभ
– पैक्स के नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र
– प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों एवं पाँच उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किये जायेंगे
– उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को चैक भी वितरित होंगे
– संवर्धन, जैविक खेती एवं फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे जिले के तीन किसानों को क्रमशः राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार,कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदान करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m