संजय तिवारी, बलिया. अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गड़वार थाना पुलिस की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई. शाहपुर नट बस्ती नहर की पुलिया के पास हुई इस मुठभेड़ में सगुनी नट (32) के बाएं पैर में गोली लग गई. पुलिस ने घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने पर गड़वार थाना पुलिस रात में शाहपुर नट बस्ती नहर की पुलिया के पास पहुंची. इस दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी. पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके बाएं पैर में गोली लग गई. घायल बदमाश की पहचान सगुनी नट निवासी आलमपुर, थाना गड़वार के रूप में हुई है.
इसे भी पढे़ं : UP PET 2026: किसी को 520 तो किसी को 650 किमी दूर मिला सेंटर, छात्रों में भारी गुस्सा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आवारा गोवंशीय पशुओं को वाहन में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल था. उसके खिलाफ पहले से गोहत्या निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है और वह इस मामले में फरार चल रहा था. पुलिस ने घायल बदमाश के पास से 315 बोर का एक तमंचा, इसी बोर के दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.
सीओ नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि गो तस्करी के मामले में फरार चल रहे सगुनी नट की पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी. उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर में भर्ती कराया गया है.

