लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। जिले में 22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आज न्यायालय में पेश किया। आरोपियों को दल्लीराजहरा चौक से न्यायालय तक पैदल ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और छात्र-छात्राएं मौके पर जुटे और आरोपियों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।

न्यायालय ले जाने से पहले पुलिस ने दोनों आरोपियों का मुंडन कराया। इसके बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें पैदल कोर्ट परिसर तक ले जाया गया। जैसे ही आरोपी घड़ी चौक के पास पहुंचे, वहां मौजूद भीड़ भड़क उठी। छात्रों ने दोनों आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर नारे लगाए।

इसे भी पढ़ें – युवती पर एसिड अटैक का खुलासा : 8 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, कथित प्रेमी ने रची थी साजिश, जानें कैसे खुला राज…

छावनी में तब्दील था कोर्ट परिसर

आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के दौरान पूरे कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपियों को सुरक्षित तरीके से न्यायालय के अंदर पहुंचाया।

कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाकर कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला और जेल दाखिल करने के लिए ले गई। पुलिस को आशंका थी कि आक्रोशित भीड़ आरोपियों पर हमला कर सकती है, इसलिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

पुलिस की बेटी पर हुआ था एसिड अटैक

बता दें कि सोमवार को बालोद शहर में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक की वारदात हुई थी। युवती पढ़ाई के बाद लाइब्रेरी से लौट रही थी, तभी उस पर एसिड फेंक दिया गया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे युवती से जुड़ा कथित प्रेम प्रसंग और साजिश सामने आई है।

देखें वीडियो –

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H