बालोद/आरंग। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बालोद के गुरुर थाना क्षेत्र में जंगल किनारे नाले में अज्ञात युवती का शव मिला, जबकि आरंग के ग्राम बरछा में पुरैन तालाब से 43 वर्षीय मजदूर का शव बरामद किया गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

जंगल किनारे नाले में मिला युवती का शव

बालोद के गुरुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हितेकसा गांव में जंगल किनारे स्थित नाले में एक अज्ञात युवती का शव मिला। पानी के बहाव में शव बहता हुआ नजर आने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही गुरुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला।

फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवती की पहचान के साथ उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

तालाब में तैरता मिला मजदूर का शव

इधर, आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा स्थित पुरैन तालाब में 43 वर्षीय मजदूर कोयल ध्रुव का शव पानी में तैरता मिला। बताया जा रहा है कि कोयल ध्रुव मंगलवार शाम से लापता थे। बुधवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं तालाब में नहाने पहुंचीं, तभी उन्होंने पानी की सतह पर शव तैरता देखा। इसके बाद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना आरंग पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

छह बेटियों का सहारा थे कोयल ध्रुव

परिजनों के मुताबिक, कोयल ध्रुव मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और छह बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि चार बेटियां अभी अविवाहित हैं। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुख के साथ आर्थिक संकट भी आ गया है।

दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है। आरंग मामले में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कोयल ध्रुव की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। वहीं, गुरुर पुलिस अज्ञात युवती की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H