लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला जेल में पदस्थ जेल प्रहरी महेंद्र कुमार वर्मा जेल परिसर के सामने से अचानक लापता हो गया, जिससे पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। लापता होने से पहले उसने अपने एक रिश्तेदार को वीडियो भेजा और अपने उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। इसके बाद अपनी स्कूटी की डिक्की में 8 पन्नों का नोट छोड़ दिया और वहां से गायब हो गया।

नोट में जेल प्रहरी महेंद्र कुमार वर्मा ने उच्च अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की लिखित शिकायत बालोद थाने में की। पूरे मामले की शिकायत के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया और प्रहरी द्वारा लिखे गए नोट तथा परिजनों और जेल अधीक्षक के बयान के आधार पर जेल प्रहरी की तलाश में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक जेल प्रहरी की कोई सूचना नहीं मिली है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई है।

सूत्रों के हवाले से क्या जानकारी सामने आई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जेल प्रहरी महेंद्र वर्मा के ऊपर आरोप है कि उसने जेल में बंद एक कैदी को मोबाइल दिया। उस मोबाइल से कैदी ने अपनी प्रेमिका को “आई लव यू” लिखकर SMS किया और उसी नंबर पर बात भी की। इसकी भनक उच्च अधिकारियों को लगी और अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद जेल प्रहरी महेंद्र वर्मा को उच्च अधिकारियों ने समझाया और उसकी जांच भी की जा रही है। इसी बात से नाराज होकर जेल प्रहरी ने यह कदम उठाया होगा, ऐसी बात सूत्रों से निकलकर सामने आई है।

जेल प्रहरी की तलाश में जुटी पुलिस
एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि महेंद्र वर्मा जेल के अंदर प्रवेश नहीं करके बाहर से ही कहीं चला गया है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। घटना स्थल से मोबाइल और नोट बरामद कर जांच की जा रही है। विशेष टीम बनाकर पता तलाश किया जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


