मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर के उतरौला विधानसभा क्षेत्र में 803 करोड़ रुपये से अधिक की 78 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. जनसभा में उन्होंने कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विपक्ष की राजनीति और जिले में चल रही विकास योजनाओं पर अपनी बात रखी.

बलरामपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर जिले के उतरौला विधानसभा क्षेत्र के कालु बनकट में आयोजित जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने 803 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 78 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लैपटॉप, आवास स्वीकृति पत्र और स्वरोजगार के लिए चेक भी वितरित किए गए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर की पहचान पहले पिछड़े जिलों में होती थी, लेकिन अब यहां विकास और संभावनाओं के नए अवसर सामने आ रहे हैं.

विपक्ष की राजनीति पर हमला

जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर वे इसका श्रेय अपनी मेहनत को देते हैं, जबकि हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं.

समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार दिया. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पार्टी की राजनीति में परिवार के हितों को प्राथमिकता दी जाती है और अन्य लोगों के लिए जगह नहीं है.

राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि एक सीट परिवार के सदस्य को दी गई, जबकि दूसरी सीट धनबल के आधार पर बांटी गई. उन्होंने कहा कि जनता अराजकता और परिवारवाद की राजनीति को नकार चुकी है.

अपराधियों को कड़ी चेतावनी

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले आम लोगों को भय के माहौल में रहना पड़ता था, जबकि मौजूदा सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है.

महिला सुरक्षा पर सख्त रुख अपनाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही रास्ता है. उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में भारत विरोधी गतिविधियों और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा.

बलरामपुर में विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और उत्तर प्रदेश विकास के नए मुकाम हासिल कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बलरामपुर में मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और अटल जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है.

उन्होंने सरयू नहर परियोजना, सड़क संपर्क में सुधार, रिंग रोड और जनजातीय संग्रहालय का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से क्षेत्र में बदलाव आ रहा है. मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई.