बांदा के स्योढ़ा गांव निवासी दोनों पैरों से दिव्यांग बृजभूषण ने 15 साल से राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत की है. कलेक्ट्रेट पहुंचने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने जिला पूर्ति अधिकारी को जल्द राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए.

बांदा. नरैनी तहसील क्षेत्र के स्योढ़ा गांव निवासी दोनों पैरों से दिव्यांग बुजुर्ग बृजभूषण ने राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत की है. उनका दावा है कि वह पिछले 15 साल से राशन कार्ड बनवाने के लिए अधिकारियों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं. मंगलवार को वह अपनी फरियाद लेकर बांदा कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए.

बृजभूषण के मुताबिक, उनके दोनों पैर नहीं हैं और आजीविका का कोई ठोस साधन भी नहीं है. उनका कहना है कि सरकारी राशन मिलने की उम्मीद में वह लंबे समय से राशन कार्ड बनवाने का प्रयास कर रहे हैं.

अधिकारियों से नहीं मिली राहत

बृजभूषण ने बताया कि हर बार अधिकारी उन्हें राशन कार्ड जल्द बन जाने की बात कहकर वापस भेज देते थे. उनका कहना है कि नरैनी एसडीएम कार्यालय में भी उन्होंने अपनी समस्या रखी, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई.

उन्होंने बताया कि डीएम कार्यालय में भी कई बार शिकायत और गुहार लगाई, लेकिन अब तक राशन कार्ड नहीं बन सका. मंगलवार को वह फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी समस्या रखी.

सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए निर्देश

सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र ने बताया कि दिव्यांग बृजभूषण कलेक्ट्रेट आए थे और उन्होंने राशन कार्ड बनवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया है.

उन्होंने बताया कि मामले में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि बृजभूषण का राशन कार्ड जल्द से जल्द बनाया जाए.