बांदा. उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में जमीन के विवाद में एक बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता की हत्या कर दी. आरोप है कि बड़े बेटे ने पिता पर हंसिया से गले और सिर पर कई वार किए. घटना के समय बुजुर्ग घर में चूल्हे पर चाय बना रहे थे. वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में उसका राज खुल गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधा पुरवा गांव में हुई. मृतक की पहचान मोतीलाल यादव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, उनके पास करीब तीन बीघा कृषि जमीन . बड़ा बेटा नीलम उर्फ नथुवा इस जमीन को अपने नाम कराने और बेचने का दबाव बना रहा था.
जमीन को लेकर पिता-पुत्र में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात जमीन को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि गुस्से में नीलम ने हंसिया उठा लिया और मोतीलाल के गले व सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण मोतीलाल की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के समय वह घर के बरामदे में चाय बना रहे थे.
पत्नी ने खून से लथपथ देखा शव
मोतीलाल की पत्नी संपतिया ने पति को खून से लथपथ देखा तो शोर मचाया. उन्होंने पड़ोसियों और परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. सीओ सिटी सौरभ सिंह और शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए.
अज्ञात व्यक्ति पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने हत्या का आरोप किसी अज्ञात व्यक्ति पर लगाने की कोशिश की. उसने पूछताछ में पुलिस को दूसरी कहानी सुनाई. हालांकि, पुलिस की पूछताछ में वह टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हंसिया भी बरामद किया.
आरोपी गिरफ्तार, परिवार ने बताई पारिवारिक स्थिति
सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी नीलम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. परिवार के मुताबिक, नीलम का छोटा भाई बउरा मूक-बधिर और मानसिक रूप से दिव्यांग है. परिजनों ने यह भी बताया कि नीलम का मानसिक संतुलन कभी-कभी बिगड़ जाता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

