अवामी लीग के स्थापना दिवस से पहले बांग्लादेश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. अवामी लीग के स्थापना दिवस के मौके पर बड़े पैमाने में अशांति और हिंसा की आशंका जताई गई है. बांग्लादेश में 23 जून को शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का स्थापना दिवस है. पुलिस हेडक्वार्टर की ओर से जारी एक स्पेशल लेटर में कहा गया है कि अवामी लीग के कार्यकर्ता पार्टी कार्यालयों पर झंडा फहरा सकते हैं.
खुफिया जानकारी के अनुसार बताया गया है कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा झंडा फहराने, जुलूस निकालने और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की आशंका जताई गई है. अवामी लीग डिपोज़्ड प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी थी, जिसे अब भंग कर दिया गया है.
बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की स्थापना दिवस के पहले देश भर में सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. छात्रों के हिंसक प्रदर्शन के बाद 5 अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार गिर गई थी. जिसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार बांग्लादेश में सत्ता में आयी. मोहम्मद यूनुस सरकार ने वामी लीग पार्टी को भंग कर दिया था.
हाल के दिनों में अवामी लीग के नाम पर कई जगह अचानक जुलूस और पर्चे बांटने की घटनाएं सामने आई हैं. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि स्थापना दिवस के आसपास कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है.
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमारे पास खुफिया जानकारी के अनुसार पता चला है कि अवामी लीग 23 जून के आसपास देश में अशांति और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर सकती है.
शनिवार को ही अवामी लीग की फाउंडिंग ऐनिवर्सरी से पहले संभावित अशांति को लेकर देशव्यापी सुरक्षा अलर्ट जारी किया. कानून प्रवर्तन एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि इस मौके पर तोड़-फोड़, अशांति या सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं.
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने आगे कहा है कि मौजूदा सरकार अवामी लीग को एक राजनीतिक पार्टी नहीं मानती, बल्कि उसे एक माफिया संगठन के तौर पर देखती है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

