लखनऊ की बाजारखाला पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहे बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सज्जाद हुसैन और दस्तावेज तैयार करने वाले मोहम्मद तलहा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, सज्जाद PUBG के जरिए लखनऊ की एक महिला के संपर्क में आया था और वीजा खत्म होने के बाद फर्जी पहचान पत्रों के जरिए भारत में रह रहा था.

लखनऊ. फर्जी दस्तावेजों के जरिए रह रहे बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सज्जाद हुसैन और उसके लिए भारतीय पहचान से जुड़े कागजात तैयार करने वाले जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा को बाजारखाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चटग्राम निवासी सज्जाद वर्ष 2018 में PUBG खेलते समय लखनऊ की एक महिला के संपर्क में आया था और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया.

टूरिस्ट वीजा पर आया था लखनऊ

पुलिस के मुताबिक, महिला से मिलने के लिए सज्जाद 18 अगस्त 2023 को बांग्लादेशी पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा के जरिए सऊदी अरब के रास्ते लखनऊ पहुंचा था. भारत आने के दस दिन बाद 28 अगस्त 2023 को उसने फैजाबाद अयोध्या में संबंधित महिला से कोर्ट मैरिज की और इसके बाद लखनऊ के भदेवा स्थित नसीरुल्ला अपार्टमेंट में रहने लगा.

वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी सज्जाद भारत में रुका रहा. इसके बाद बैंकिंग समेत अन्य सुविधाओं के लिए उसने अपनी पहचान छिपाने और भारतीय नागरिक के तौर पर दस्तावेज तैयार कराने का रास्ता अपनाया.

2900 रुपये में बनवाए दस्तावेज

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सज्जाद ने भदेवा में जनसेवा केंद्र संचालित करने वाले मोहम्मद तलहा से संपर्क किया था. आरोप है कि तलहा ने उसके लिए फर्जी निवास और जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए, जिनके आधार पर बाद में आधार कार्ड, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाए गए.

पुलिस के अनुसार, फर्जी निवास प्रमाण पत्र पर 10 अगस्त 2023 की तारीख दर्ज थी, जबकि सज्जाद पहली बार भारत 18 अगस्त 2023 को आया था. दस्तावेज तैयार कराने के बदले सज्जाद ने तलहा को ऑनलाइन क्यूआर कोड के जरिए भुगतान और नकद मिलाकर कुल 2900 रुपये दिए थे.

इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कोटक महिंद्रा बैंक की नाका शाखा में खाता भी खुलवाया गया था.

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

बाजारखाला पुलिस को सूचना मिली थी कि एक विदेशी नागरिक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर इलाके में अवैध रूप से रह रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने गुलजारनगर पुलिस चौकी के पास घेराबंदी की और रेलवे कॉलोनी ग्राउंड के नजदीक से सज्जाद को हिरासत में लिया.

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले मोहम्मद तलहा को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मूल बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी के साथ कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, दो मोबाइल फोन तथा फर्जी जन्म और निवास प्रमाण पत्रों की रंगीन प्रतियां बरामद की हैं.

जांच में सुरक्षा एजेंसियां भी शामिल

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. मामले की जानकारी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ भी साझा की गई है, ताकि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के पीछे किसी अन्य राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा सके.

एडीसीपी पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा के मुताबिक, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.