जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 5-6 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने बैंककर्मियों और गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद और लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गए।

रेनकोट पहनकर बैंक में घुसे बदमाश

घटना सुबह करीब 9:15 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त बैंक खुल चुका था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। बैंक गार्ड संतोष कुमार के अनुसार, सभी अपराधी बारिश के कारण रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे। इससे उनके चेहरे ढके रहे और पहचान छिपाने में मदद मिली।

बैंक में घुसते ही बदमाशों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। गार्ड संतोष कुमार ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने बंदूक की बट से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।

गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट

इसके बाद अपराधी बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे। गन प्वाइंट पर लेकर उनसे बैंक का चेस्ट खुलवाया गया। बदमाशों ने चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिया। इसके अलावा लॉकर में रखे बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भी लूट लिए।

दो बाइक से फरार हुए अपराधी

डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।