रक्षाबंधन के अवसर पर मथुरा के श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में देश-विदेश से 20 हजार से अधिक राखियां पहुंची हैं. भक्तों ने राखियों के साथ भावुक पत्र भेजकर ठाकुर जी से आशीर्वाद और क्षमा मांगी है.
मथुरा. रक्षाबंधन के अवसर पर श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में देश-विदेश से भक्तों ने 20 हजार से अधिक राखियां और माफीनामा पत्र भेजे हैं. इन राखियों को बहनों ने अपने आराध्य ठाकुर जी के लिए डाक और कूरियर के माध्यम से भेजा है.
10 दिन पहले शुरू हुआ सिलसिला
हाई पावर कमेटी बांके बिहारी मंदिर के सदस्य शैलेंद्र गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर जी के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं ने राखियां भेजी हैं. कई भक्तों ने राखी के साथ भावुक पत्र भी भेजे हैं, जबकि कुछ ने डाक और कूरियर के जरिए अपनी राखी मंदिर तक पहुंचाई है.

मंदिर में राखियां पहुंचने का सिलसिला करीब 10 दिन पहले शुरू हुआ था. गुरुवार को इन राखियों की गिनती की गई तो संख्या 20 हजार से अधिक हो चुकी थी. रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर सभी राखियां ठाकुर बांके बिहारी जी के चरणों में अर्पित की जाएंगी.
भक्तों का अलग रिश्ता
ठाकुर जी के भक्त देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं. श्रद्धालु उन्हें अपने विश्वास के अनुसार भाई, सहयोगी, पति या माता-पिता के रूप में मानते हैं. इसी भाव के साथ रक्षाबंधन पर दूर-दराज से भक्तों ने बिहारी जी के लिए सोने, चांदी और मोतियों से बनी अलग-अलग तरह की राखियां भेजी हैं.
कई श्रद्धालुओं ने राखियों के साथ अपने मन की बात भी पत्रों में लिखी है. इनमें भावनात्मक संदेशों के साथ ठाकुर जी से आशीर्वाद और क्षमा की प्रार्थना की गई है.
नन्ही भक्त का भावुक पत्र
एक नन्ही भक्त ने पत्र में लिखा कि उसके स्कूल में परीक्षाएं चल रही हैं. इसी वजह से वह खुद आकर राखी नहीं बांध पा रही है और डाक के माध्यम से ठाकुर जी को राखी भेज रही है.
भक्त ने लिखा कि परीक्षा समाप्त होते ही वह परिवार के साथ ठाकुर जी के दर्शन करने आएगी.
नागपुर से भेजा माफीनामा
नागपुर की एक महिला श्रद्धालु ने भी बिहारी जी को पत्र लिखकर माफी मांगी है. उसने लिखा कि समय नहीं मिल पा रहा है, इसलिए रक्षाबंधन के लिए राखी भेज रही है. महिला ने ठाकुर जी से अपने परिवार पर हमेशा आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की और जल्द समय मिलने पर वृंदावन आकर दर्शन करने की बात कही.


