बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार की देर शाम भारी बवाल हो गया। संगठन के कार्यकर्ताओं और एक विशेष समुदाय के बीच हुई इस भिड़ंत ने अब बड़े विवाद का रूप ले लिया है। मामला धर्मांतरण से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां विरोध करने पहुंचे कार्यकर्ताओं पर करीब 100 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में 3 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गुजरात रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल सहित 4 लोगों को दबोच लिया है।

पानी के कुंड में नहलाकर धर्मांतरण का आरोप
ग्राउंड से मिल रही जानकारी के मुताबिक, संगठन के कार्यकर्ताओं को खबर मिली थी कि इलाके में गुपचुप तरीके से बड़ी सभा बुलाई गई है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि वहां पानी के कुंड में लोगों को नहलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। जब कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया, तो वहां मौजूद भीड़ भड़क गई। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और पथराव शुरू हो गया। सूत्रों का कहना है कि हमला इतना अचानक था कि कार्यकर्ताओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रिंसिपल और रिटायर्ड टीचर पर गिरी गाज
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस की एफआईआर में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश रावत और उनके पिता अनिल रावत (रिटायर्ड टीचर) का नाम शामिल है। रवि भाभोर की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस सभा के लिए कोई परमिशन नहीं ली गई थी। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है या सिर्फ स्थानीय स्तर पर किया जा रहा आयोजन था।
नए कानून राजस्थान धर्मांतरण निषेध विधेयक 2025 के तहत कार्रवाई
राजस्थान में हाल ही में लागू हुए गैरकानूनी धर्म परिवर्तन निषेध विधेयक, 2025 के तहत यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। एक तरफ जहां ग्रामीण इसे सिर्फ प्रार्थना सभा बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस और प्रशासन इसे गैरकानूनी मानकर चल रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि वहां 100 से 150 लोग जुटे थे, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि अगर मामला सिर्फ प्रार्थना का था, तो हिंसा की नौबत क्यों आई?
पढ़ें ये खबरें
- पश्चिम रेलवे भर्ती घोटाला: सीबीआई जांच में खुली फर्जीवाड़े की पोल, 4 अफसर और अभ्यर्थियों पर FIR
- Share Market Closing Time : अब 10 मिनट देर से बंद होगा F&O मार्केट, ट्रेडिंग टाइम बदलने के पीछे क्या है वजह, जानिए नए नियम
- बांकीपुर उपचुनाव: दसवें राउंड में प्रशांत किशोर 6011 वोटों से आगे, भाजपा की बढ़ी मुश्किलें
- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का शानदार समापन: 39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत, अहमदाबाद को 2030 की मेजबानी की मिली जिम्मेदारी
- Datia Bypoll Election Results 2026: दतिया में कांग्रेस का दबदबा, छटवें राउंड के बाद 1,786 वोटों की मजबूत बढ़त, आशुतोष तिवारी पिछड़े, घनश्याम लगातार आगे

