Banswara Village Violence: मरुधरा के बांसवाड़ा से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां के मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में रविवार रात जो कुछ भी हुआ, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। सालों पुरानी एक प्रेम कहानी की रंजिश ने ऐसी चिंगारी सुलगाई कि देखते ही देखते पूरा इलाका हिंसा की आग में झुलस गया। एक युवक की बेदर्दी से हत्या हुई और उसके बाद जो उन्माद फैला, उसने करीब 40 परिवारों का आशियाना खाक में मिला दिया।

बारात से लौटा और हो गया कत्ल
ग्राउंड जीरो से मिली जानकारी के मुताबिक, खूनी खेल की शुरुआत रविवार शाम करीब 6 बजे हुई। 25 साल का गोविंद मईड़ा एक बारात से लौटकर घर पहुंचा ही था कि घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर धारदार हथियारों से धावा बोल दिया। गोविंद को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया गया। जैसे ही हत्या की खबर फैली, पूरे गांव में कोहराम मच गया और मृतक पक्ष के लोग आपा खो बैठे।
आक्रोशित भीड़ का तांडव, राख हुई 40 घरों की बस्ती
हत्या के विरोध में आधी रात को जो हुआ, उसने पुलिस के भी हाथ-पांव फुला दिए। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के पक्ष वाली पूरी बस्ती पर हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने कच्चे और पक्के 40 से ज्यादा घरों में आग लगा दी। आग बुझाने पहुंची दमकल की गाड़ियों को भीड़ ने 200 मीटर दूर ही रोक दिया। जब पुलिस बीच-बचाव करने पहुंची, तो उन्मादी भीड़ ने उन पर भी पत्थर बरसाए। जान बचाने के लिए महिलाएं और बच्चे रात में जंगलों की ओर भागने को मजबूर हो गए।

पुराने प्रेम प्रसंग ने ली जान
सूत्रों की मानें तो इस पूरी बर्बादी की जड़ एक पुराना प्रेम संबंध था। मृतक की बहन और दूसरे पक्ष के युवक के बीच वर्षों पहले अफेयर था। हालांकि दोनों की शादियां अलग-अलग जगह हो चुकी थीं और वे अपनी जिंदगी जी रहे थे, लेकिन रंजिश की आग ठंडी नहीं हुई थी। रविवार को इसी बात पर फिर विवाद हुआ और मामला मर्डर तक जा पहुंचा।
सोमवार सुबह जब धुआं छंटा तो टामटिया गांव में सिर्फ बर्बादी के निशान दिखे। एसपी सुधीर जोशी के नेतृत्व में 100 से ज्यादा जवानों ने गांव को छावनी बना दिया है। घरों में रखा अनाज जलकर राख हो चुका है, गाड़ियां पलटी पड़ी हैं और हर तरफ जलती लकड़ी की गंध है। करीब 60 से ज्यादा लोग बेघर होकर दर-दर भटक रहे हैं। पुलिस अब दोषियों की धरपकड़ में जुटी है, लेकिन गांव में पसरा सन्नाटा किसी बड़ी अनहोनी की गवाही दे रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- MP Assembly: कांग्रेस विधायक के ‘देवदासी’ शब्द पर सदन में हंगामा, सीएम डॉ मोहन बोले- बरैया अपना भाव स्पष्ट करे, उषा बोलीं- विपक्ष की मानसिकता तालिबानी
- महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही सरकार, गाजीपुर हत्याकांड को लेकर सपा नेता ने लगाया आरोप
- पायलट पर निजी हमले से गरमाई मरुधरा की राजनीति, गहलोत बोले- अब नहीं होगा मानेसर
- ‘कान्हा’ में बाघों की रहस्यमयी मौतें: शावक का शव मिलने से हड़कंप, देखें डराने वाले आंकड़े
- करनाल में भड़की भीषण आग: वकीलों के चैंबर और पार्किंग तक पहुंचने वाली थी लपटें, फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा हादसा

