बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कार में अचानक आग लगने से स्टॉम्प विक्रेता राज नारायण वर्मा की मौत हो गई. वह मां से मिलने बरियारपुर गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में कार आग की चपेट में आ गई.
बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार सुबह सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक चलती कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और उसमें सवार बरियारपुर निवासी स्टॉम्प विक्रेता राज नारायण वर्मा (43) की जिंदा जलने से मौत हो गई.
मां से मिलने जा रहे थे
थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया के अनुसार, राज नारायण का शहर के विजयनगर मोहल्ले में भी मकान है. रविवार सुबह वह अपनी कार से मां से मिलने बरियारपुर गांव जा रहे थे.
गांव जाने वाली सड़क पर अचानक कार में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि राज नारायण को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और वह कार के अंदर ही जिंदा जल गए.
मौके पर पहुंची टीमें
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई. घटना की जानकारी मिलने के बाद फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कार की जांच की.
आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही राज नारायण के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. शव और जली कार का दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया.

