बाराबंकी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार को बाराबंकी जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर के पीछे आयोजित कार्यक्रम में 542 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले में इन्फ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याण से जुड़े विकास कार्यों को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- ‘गवाही दी तो पूरा परिवार साफ…’ अतीक के गुर्गों की धमकियों से भी नहीं डिगी पूजा पाल, जानिए UP BJP उपाध्यक्ष की कहानी
रामनगर में 36 और दरियाबाद में 46 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री रामनगर विधानसभा क्षेत्र में 104 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 14 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 178 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 22 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. वहीं दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 29 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण और 231 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 34 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा. दोनों क्षेत्रों में कुल 82 विकास परियोजनाओं पर काम शुरू होने या पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.
सड़क, आधारभूत संरचना और जनकल्याण पर रहेगा विशेष फोकस
इन परियोजनाओं में सड़क, आधारभूत संरचना(इन्फ्रास्ट्रक्चर ), सार्वजनिक सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्य शामिल हैं. सरकार का दावा है कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा, विकास को गति मिलेगी और लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा. स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से जिन परियोजनाओं का इंतजार था, उन्हें भी इस कार्यक्रम के माध्यम से नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे. इनमें कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह, इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, उमेश द्विवेदी, विधायक सकेंद्र प्रताप वर्मा, दिनेश रावत, रामचंद्र यादव तथा उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे.
इसे भी पढ़ें- UP में पहली बार 826 ब्लॉक प्रमुख बने प्रशासक, योगी सरकार का बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को बाराबंकी के विकास के लिए अहम माना जा रहा है. स्थानीय लोगों की उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा.


