बाराबंकी के लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने घटनास्थल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की.
बाराबंकी. रविवार को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइकों पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा बैसनपुरवा मोड़ के पास हुआ, जहां अयोध्या की ओर से लखनऊ जा रही कार ने हाईवे पर पहुंची दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है.
भंडारे से लौट रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत रामसनेहीघाट के वार्ड नंबर दो दलसिंहपुर निवासी चार युवक रविवार को धरौली में आयोजित दुर्गा पूजा के भंडारे में शामिल होने गए थे. इनमें 26 वर्षीय अनूप कुमार रावत, पिता दान बहादुर, 22 वर्षीय विमलेश यादव, पिता रमाकांत यादव, 23 वर्षीय अनिल, पिता छुटकू प्रधान और 30 वर्षीय बुच्ची, पिता रामजस शामिल थे.
चारों युवक दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान बैसनपुरवा मोड़ से हाईवे पर चढ़ते समय अयोध्या की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद 200 मीटर घिसटी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक उछलकर सड़क से दूर जा गिरे. वहीं, एक बाइक कार में फंस गई और करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई.
स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामसनेहीघाट पहुंचाया गया. वहां केंद्र अधीक्षक ने अनूप कुमार रावत, विमलेश यादव और अनिल को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल बुच्ची को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया.
आधे घंटे बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. कार में बाइक फंसने और लोगों की भीड़ के कारण हाईवे पर आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार तथा बाइक को कब्जे में लिया. पुलिस ने स्थिति संभालने के बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू कराया.
मंत्री ने परिजनों से की मुलाकात
हादसे की सूचना मिलने पर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया.
कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल युवक को लखनऊ रेफर किया गया है. एक साथ तीन युवकों की मौत से दलसिंहपुर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.

