Baran News: राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में बारिश के साथ स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। फैजपुरा-पीपलू सरहद से तेलनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाने वाले बच्चे तेज बहाव वाले बरसाती नाले को पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

उफान पर नाला, हर दिन खतरे का सफर
फैजपुरा-पीपलू सरहद गांव से तेलनी स्कूल की दूरी करीब एक किलोमीटर है। सामान्य दिनों में यह दूरी ज्यादा नहीं है, लेकिन बारिश के मौसम में यही रास्ता बच्चों के लिए जोखिम भरा बन जाता है। रास्ते में आने वाला बेथली नदी का बरसाती नाला बारिश के बाद उफान पर आ जाता है। तेज बहाव के बीच छात्र-छात्राओं को पानी पार करके स्कूल जाना पड़ता है। तस्वीरों में भी बच्चे पानी के बीच से गुजरते नजर आ रहे हैं। अभिभावकों को हर दिन बच्चों की सुरक्षा की चिंता रहती है। बारिश बढ़ने के साथ नाले का बहाव भी तेज हो जाता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
स्कूल में पढ़ते हैं करीब 400 विद्यार्थी
तेलनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब 400 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनमें 100 से अधिक छात्र-छात्राएं रोजाना इसी रास्ते से स्कूल पहुंचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को नाला पार करते समय कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
दो बार दिया ज्ञापन, PWD ने किया निरीक्षण
ग्रामीणों के मुताबिक, जून और जुलाई में प्रशासन को दो बार ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद PWD के JEN ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट भी तैयार की, लेकिन अब तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्रामीण लंबे समय से करीब एक किलोमीटर सड़क और नाले पर पुलिया निर्माण की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीण बोले, फिलहाल अस्थाई रास्ता ही बना दें
ग्रामीणों की मांग है कि अगर सड़क और पुलिया के स्थायी निर्माण में समय लग रहा है तो प्रशासन फिलहाल पाइप, मुरम और अस्थाई रास्ते की व्यवस्था करे। इससे बारिश के दौरान बच्चों को तेज बहाव वाले पानी से होकर गुजरने से राहत मिल सकती है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई जरूरी है, लेकिन उनकी सुरक्षा उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब बारिश में खतरा हर साल सामने आता है तो स्थायी समाधान के लिए अब तक इंतजार क्यों किया जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- Hero Xtreme 160R 4V Launch: दिवाली से पहले हीरो का भारतीयों को तोहफा! एडवांस फीचर्स वाली धांसू बाइक की लॉन्च
- धान खरीदी में 17.63 करोड़ की गड़बड़: उपार्जन केंद्रों से संग्रहण केंद्रों तक धान की कमी, अब सूखत बताकर भरपाई की तैयारी
- सिर्फ इंसान नहीं, हाथी भी मनाते हैं मातम! शहडोल की घटना ने खोली वन्यजीवों की संवेदनाओं की परत, DFO ने कही ये बात
- Hemant Soren News: मां के दश कर्म पर भावुक हुए हेमंत सोरेन, बोले- सुख के दिन आए तो मां-बाबा चले गए
- लखनऊ में ‘भारत विरोधी दशानन रावण’ के पोस्टर, राहुल-अखिलेश समेत कई चेहरे शामिल
