नवनिर्मित महाराजा अग्रसेन द्वार का बुधवार देर शाम पूर्व मंत्री असीम गोयल ने उद्घाटन किया। इसके उपरांत मुख्य बाजार स्थित एक निजी मैरिज पैलेस में महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक एकता, बेटियों की शिक्षा, कन्या भ्रूण हत्या रोकने और भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने की, जबकि पूर्व मंत्री असीम गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जिला प्रधान विकास सिंगला की देखरेख में आयोजित समारोह में अग्रवाल समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ऋचा पाहवा, भाजपा जिला प्रधान मनदीप राणा, मंडल प्रधान डिंपल राणा, समाजसेवी रितेश गोयल, पूर्व विधायक राजबीर सिंह, नगर पालिका चेयरमैन रजत मलिक, मार्केट कमेटी बराड़ा के अध्यक्ष कुलराज शर्मा, उपचेयरमैन योगेश गुप्ता सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अग्रसेन द्वार को बताया पूरे प्रदेश में अनूठा
मुख्य अतिथि असीम गोयल ने महाराजा अग्रसेन द्वार के निर्माण के लिए बराड़ा के अग्रवाल समाज को बधाई देते हुए कहा कि द्वार की भव्यता और सुंदरता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि नवरात्रों के दौरान उन्हें हरियाणा की 117 अनाज मंडियों में जाने का अवसर मिला। इस दौरान नारनौर क्षेत्र के नांगल चौधरी से लेकर कुरुक्षेत्र तक उन्होंने ऐसा भव्य द्वार नहीं देखा। बराड़ा में निर्मित यह द्वार समाज की एकजुटता, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है। इसके निर्माण में जुटी टीम की जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है।
बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए आगे आए समाज
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज में बड़ी संख्या में युवा चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े हैं। ऐसे में समाज के लोगों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं देंगे। उन्होंने सक्षम परिवारों से जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की। इसके लिए पुस्तक भंडारे जैसे प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाई जा सकती है।
बच्चों को आधुनिकता के साथ संस्कार देना भी जरूरी
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि कोरोना काल से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव तक समाज की दिनचर्या में व्यापक बदलाव आया है। ऐसे दौर में अभिभावकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। बच्चों को आधुनिक तकनीक से परिचित करवाने के साथ-साथ उन्हें अपने पूर्वजों के इतिहास, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की जानकारी देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के नाम रखते समय भी उनके अर्थ और भाव पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि नाम हमारी संस्कृति और पहचान से जुड़े होते हैं।
उन्होंने पारिवारिक संबंधों में बढ़ती दूरियों पर चिंता जताते हुए कहा कि घरों में बड़ों की बातचीत और व्यवहार का बच्चों के मन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। अभिभावकों को ऐसी चर्चाओं और व्यवहार से बचना चाहिए, जिनसे बच्चों के मन में रिश्तेदारों के प्रति नकारात्मक भाव पैदा हों। परिवारों में आपसी अपनापन बनाए रखने के लिए बच्चों को पर्याप्त समय देना और उन्हें अच्छे संस्कारों से परिचित करवाना आवश्यक है।
उन्होंने मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल का उल्लेख करते हुए कहा कि आज कई घरों में एक ही कमरे में बैठे परिवार के सदस्य भी अपने-अपने मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। देर रात तक रील देखने और मोबाइल पर समय बिताने की आदत पारिवारिक संवाद को कमजोर कर रही है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों के साथ समय बिताकर परिवार में संवाद, आत्मीयता और संस्कारों का वातावरण बनाना चाहिए।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में पंचकूला से आए संदीप गोयल ने गीतों के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के जीवन, व्यक्तित्व और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज को जागरूक किया। वहीं, डीएवी स्कूल बराड़ा के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और महाराजा अग्रसेन के जीवन पर आधारित झांकी के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। समारोह के अध्यक्ष सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने बराड़ा में निर्मित भव्य महाराजा अग्रसेन द्वार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका हरियाणा में सामाजिक गतिविधियों के सिलसिले में विभिन्न स्थानों पर आना-जाना रहता है, लेकिन बराड़ा में बना यह द्वार अपनी भव्यता और सुंदरता के कारण विशेष पहचान रखता है। उन्होंने इस निर्माण को समाज के सामूहिक प्रयासों का सराहनीय उदाहरण बताया।
मुख्य अतिथि असीम गोयल जी ने बराड़ा की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि विकास सिंगला प्रधान जी के नेतृत्व में महासचिव अजय गर्ग , कोषाध्यक्ष संदीप गर्ग , बराड़ा प्रधान अनुराग अग्रवाल, पवन गुप्ता , बिजेन्द्र बंसल, पवित् सिंगला, डॉक्टर नरेश गर्ग , सूरजभान मित्तल विजय गोयल , विजय गुप्ता राजेश , बंसल मुकेश गर्ग , अशोक गर्ग ,चेतन गोयल , राहुल गर्ग, अमन गर्ग , सुमित गोयल आदि की बहुत सराहना की, सब ने मिलजुल कर भव्य द्वार का निर्माण किया !
- खौफ का खात्मा! 50-50 हजार का इनाम, कई जिलों में मुकदमे, मुठभेड़ में मारा गया धर्मेन्द्र उर्फ टिंडी
- डिप्टी सीएम अरुण साव ने ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ के ब्रॉशर का किया विमोचन, व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का सजेगा महाकुंभ
- फर्जी डिग्री से नौकरी और कमीशनखोरी के आरोप, जिला पंचायत कर्मचारी के खिलाफ जनपद अध्यक्ष ने की शिकायत
- WPL 2027 Auction: मिनी ऑक्शन के बाद सभी 5 टीमों का स्क्वॉड फाइनल, किस टीम ने किस खिलाड़ी को खरीदा? यहां देखें पूरी लिस्ट
- ‘अर्नब’ चक्रवात का असर : रायपुर जिले में कल स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

