देश की राजधानी के डाबड़ी इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी के बकाया पैसे मांगने पर हलवाई के हाथों को इलेक्ट्रिक पावर ग्राइंडर से रेत दिया गया. पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए AIIMS रेफर किया गया है. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है.

यह घटना शुक्रवार शाम को डाबड़ी पुलिस स्टेशन के इलाके में विजय एन्क्लेव में हुई. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमें रात 8:30 बजे एक कॉल मिली जिसमें बताया गया कि एक शख्स पर बुरी तरह हमला किया गया है और उसके हाथों को ग्राइंडर से काट दिया गया है. पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और विजय एन्क्लेव के रहने वाले लोकेश गुप्ता (32) को गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा पाया, शरीर से बहुत ज्यादा खून बह रहा था.”

2 लाख रूपए के लिए काट डाले हाथ

लोकेश गुप्ता, जो पेशे से हलवाई हैं केटरिंग और टेंट सर्विस का काम भी करते हैं, ने हाल ही में अजय पाल के परिवार में 20 अप्रैल को आयोजित एक शादी समारोह में कैटरिंग की थी। इस काम का कुल बिल करीब 2.5 लाख रुपये बना, लेकिन उसमें से लगभग 2 लाख रुपये का भुगतान अब तक बाकी था। बकाया राशि मांगने के लिए जब गुप्ता अजय पाल के घर पहुंचे, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।

छत पर ले जाकर बेरहमी से हमला

बहस के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अजय पाल ने अपने 2-3 साथियों के साथ मिलकर गुप्ता को पकड़ लिया। आरोप है कि वे उसे जबरन घर की छत पर ले गए, जहां उस पर बेहद क्रूर हमला किया गया। हमलावरों ने पावर ग्राइंडर का इस्तेमाल करते हुए उसके हाथों पर गहरे घाव कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

घायल गुप्ता को पहले पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें AIIMS रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घाव बहुत गहरे थे और किसी धारदार उपकरण से पहुंचाए गए थे। वहीं पुलिस ने मौके से सबूत जुटा लिए हैं और पीड़ित का बयान भी दर्ज कर लिया है। इस मामले में अजय पाल (53) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m