बरेली जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती महिला अभियुक्त 2 सितंबर की शाम पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई. मामले में लापरवाही पाए जाने पर दो महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस ने अभियुक्ता की तलाश तेज कर दी है.
बरेली. जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक महिला अभियुक्त 2 सितंबर की शाम पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई. घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और फरार महिला की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है.
ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर निगरानी में तैनात महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
31 अगस्त को लाई गई थी
एसएसपी मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को 48 वर्षीय ममता देवी पत्नी पप्पू वाल्मीकि को जिला कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था. ममता देवी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुला शेरपुर की रहने वाली है और उसके खिलाफ फरीदपुर थाने में गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है.
महिला अभियुक्त के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है. न्यायालय में पेशी के दौरान उसकी तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था.
दो महिला पुलिसकर्मी तैनात
अस्पताल में भर्ती ममता देवी की निगरानी के लिए पुलिस लाइन से दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर की शाम करीब 6 बजे महिला ने बाथरूम जाने की बात कही.
इसी दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से निकलकर फरार हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को सूचित किया गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई.
संभावित ठिकानों पर दबिश
फरार अभियुक्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ ही संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर दबिश दे रही है.
कोतवाली थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि महिला की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है. फिलहाल उसकी कोई लोकेशन नहीं मिल सकी है, हालांकि पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी की बात कही है.



