बरेली. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी’ सम्मेलन में दिए बयान पर जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने RSS से हिंदुत्व और राष्ट्रीयता की परिभाषा स्पष्ट करने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- मायावती बोलीं- RSS की कथनी-करनी में अंतर, आकाश आनंद के लिए कहा- अभी और मैच्योर होने की जरूरत

RSS की विचारधारा में बदलाव का दावा

शहर में प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने कहा कि पिछले कुछ समय से RSS की विचारधारा में बदलाव दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक इससे संघ के कुछ स्वयंसेवक भी दिग्भ्रमित हैं. उन्होंने कहा कि संघ प्रमुख ने किस संदर्भ में बयान दिया, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए.

‘भारत की पहचान सनातन संस्कृति से’

स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने कहा कि भारत की पहचान सनातन संस्कृति से है और सनातन के बिना भारत की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने इस्लाम को लेकर भी टिप्पणी करते हुए इसे धर्म के बजाय मजहब, पंथ या संप्रदाय के रूप में देखने की बात कही. उन्होंने सनातन विरोधियों के अस्तित्व को लेकर भी दावा किया.

राहुल गांधी को बताया BJP के लिए ‘वरदान’

महामंडलेश्वर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की प्रगति के प्रति गंभीर नहीं हैं. उन्होंने राहुल गांधी की ‘बुद्धि का शुद्धीकरण’ होने की बात कही और उन्हें भाजपा के लिए ‘वरदान’ बताया.

योगी मॉडल की तारीफ, BJP को दी चेतावनी

स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि ‘योगी मॉडल’ की कई जगहों पर चर्चा और प्रशंसा हो रही है. साथ ही उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव में कैडर की उपेक्षा पार्टी को भारी पड़ सकती है. उन्होंने बाहर से आए लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करने की सलाह दी.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में युवती की हत्या का 3 घंटे में खुलासा! 55 साल के शख्स ने 28 साल की गर्लफ्रेंड को मार डाला

मुसलमानों के पूर्वजों को लेकर भी उन्होंने दावा किया कि मध्यकाल में धार्मिक दबाव के चलते कई लोगों ने धर्म परिवर्तन किया था और इसके लिए गोरी, खिलजी व औरंगजेब के दौर का उल्लेख किया.