लखनऊ. मानकनगर थाना क्षेत्र में DRM पुलिया के पास नहर किनारे युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में युवती के साथ रहने वाले 55 वर्षीय धीरज कुमार सोनकर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक रुपये के लेन-देन और घर जाने की जिद को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने युवती की हत्या कर दी.
इसे भी पढ़ें- वाराणसी से दिल्ली जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो में धुएं का अलार्म बजते ही मचा हड़कंप
50 हजार रुपये मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ के मुताबिक आरोपी धीरज कुमार सोनकर 28 वर्षीय पूजा उर्फ परवीन को पिछले 4-5 साल से जानता था. दोनों के बीच संबंध थे और पूजा अक्सर स्लीपर ग्राउंड स्थित उसके कमरे पर रहती थी. पुलिस का कहना है कि 30 अगस्त की रात पूजा ने धीरज से 50 हजार रुपये मांगे. धीरज ने ई-रिक्शा खरीदने के लिए लोन लेने की बात कहते हुए पैसे नहीं होने की बात कही.
दुपट्टे से गला कसने का आरोप
पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. सुबह करीब 3 से 4 बजे पूजा अपने घर जाने की जिद करने लगी और कथित तौर पर धमकी देने लगी. पुलिस का दावा है कि गुस्से में धीरज ने पूजा के दुपट्टे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
ई-रिक्शा में शव लेकर पहुंचा DRM पुलिया
हत्या के बाद आरोपी शव को अपने ई-रिक्शा में लादकर DRM पुलिया की ओर ले गया. पुलिस के मुताबिक वह शव को नहर में फेंकना चाहता था, लेकिन रास्ते में कुछ लोगों को पैदल आता देखकर घबरा गया. पकड़े जाने के डर से उसने शव को सड़क किनारे फुटपाथ पर छोड़ दिया और ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें- मायावती बोलीं- RSS की कथनी-करनी में अंतर, आकाश आनंद के लिए कहा- अभी और मैच्योर होने की जरूरत
3 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
31 अगस्त की सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की. पूजा के पिता मुन्ना लाल मियां उर्फ टिंचू इस्लाम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धीरज को शांतिपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी बरामद किया है. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.



