लखनऊ. वाराणसी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की गुरुवार(3 सितंबर) सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने के बाद पायलट ने तुरंत एटीसी से संपर्क किया. हालांकि, शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं का कोई संकेत नहीं मिला.

कार्गो में बजा स्मोक अलार्म

फ्लाइट IX 1253 ने वाराणसी एयरपोर्ट से सुबह करीब 8 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. कुछ देर बाद कार्गो में धुएं का अलार्म बजने लगा. स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर संपर्क किया.

8:52 बजे लखनऊ में उतरा विमान

एटीसी से अनुमति मिलने के बाद विमान की सुबह करीब 8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. विमान के उतरते ही एयरपोर्ट की रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई.

155 यात्री और क्रू सुरक्षित उतारे गए

सुबह करीब 9:02 बजे विमान से 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया. फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने विमान की जांच की. जांच के दौरान धुएं का कोई संकेत नहीं मिला.

अलार्म क्यों बजा, जांच जारी

शुरुआती जांच में आग या धुएं के कोई निशान नहीं मिलने के बाद अब यह पता लगाया जा रहा है कि स्मोक डिटेक्शन अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ. विमान को जांच के बाद एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया. यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है.