Barmer Honeytrap: बाड़मेर में सोशल मीडिया के जरिए रईस युवकों को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाली गैंग का सदर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवक के अपहरण, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में मुख्य साजिशकर्ता महिला पुष्पा विश्नोई और उसके प्रेमी प्रकाश जाट को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पुष्पा इंस्टाग्राम पर एसयूवी और लग्जरी गाड़ियों के साथ रील्स बनाकर युवकों को आकर्षित करती थी और फिर उन्हें कथित तौर पर अपने जाल में फंसाती थी।
गाड़ी किराए पर लेने के बहाने बुलाया
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 21 अगस्त को धोरीमन्ना निवासी एक युवक ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त को धोरीमन्ना निवासी पुष्पा विश्नोई ने उसे गाड़ी किराए पर लेने के बहाने बुलाया था। पुलिस के अनुसार, युवक जब लूंगी नाडी मुकने की ढाणी रोड पर पहुंचा तो पुष्पा अपने साथी प्रकाश जाट और दो अन्य सहयोगियों के साथ वहां मौजूद थी। आरोप है कि सभी ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन अगवा कर लिया गया।
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मांगे 20 लाख
आरोपियों ने युवक को निर्वस्त्र कर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान युवक से सोने का फूल, मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी, जरूरी दस्तावेज और 11,580 रुपये नकद भी छीन लिए गए। आरोपियों ने उसकी गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित को मौका मिला तो वह किसी तरह चलती गाड़ी से कूदकर भाग निकला। इसके बाद उसने सीधे पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।
Instagram पर SUV और लग्जरी गाड़ियों की रील्स
पुलिस जांच में सामने आया कि 33 वर्षीय पुष्पा दो बच्चों की मां है। वह अपने पति से अलग रह रही थी और उसके साथ प्रकाश जाट के साथ रहने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पुष्पा इंस्टाग्राम पर स्टंट और लग्जरी गाड़ियों से जुड़ी रील्स अपलोड करती थी। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए वह अमीर युवकों को आकर्षित करती थी। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया जाता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब पुष्पा को थाने लेकर पहुंची तो वह हंसती हुई नजर आई। पुलिस के मुताबिक, उसके चेहरे पर किसी तरह का डर या पछतावा दिखाई नहीं दिया।
बीकानेर, जोधपुर और नागौर में काट रहे थे फरारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी देवीचंद ढाका के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी बीकानेर, जोधपुर और नागौर में फरारी काट रहे थे। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद घेराबंदी कर पुष्पा देवी और उसके प्रेमी प्रकाश जाट को बालोतरा से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित गैंग ने इससे पहले कितने युवकों को इसी तरह निशाना बनाया था और क्या इस मामले में और लोग भी शामिल हैं।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान हनुमानराम और सुनील के रूप में हुई है। पुलिस दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस कथित हनीट्रैप नेटवर्क ने कितने लोगों को अपना निशाना बनाया था।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी

