Barmer News: सरहदी जिले बाड़मेर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने खाकी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला कोतवाली और सदर थाने के बीच का है, जहां पुलिस की कस्टडी में रखी एक बाइक थाने के अंदर से ही गायब हो गई। जब बाइक मालिक अदालत का आदेश लेकर अपनी गाड़ी छुड़ाने पहुंचा, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अब आलम यह है कि पुलिस अपनी ही नाक के नीचे हुई इस चोरी के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस ने जब्त की थी बाइक
पूरा मामला 19 अप्रैल का है। कोतवाली पुलिस ने शहर के एक होटल के पास शराब के नशे में बाइक चला रहे दो युवकों को पकड़ा था। पुलिस ने शांति भंग के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया और उनकी बाइक को एमवी एक्ट (MV Act) के तहत जब्त कर लिया। जगह की कमी या सुरक्षा के लिहाज से इस बाइक को सदर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया था। अगले दिन युवकों को एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन असली खेल इसके बाद शुरू हुआ।
कोर्ट का आदेश लेकर पहुंचे तो गायब मिली गाड़ी
युवकों ने अपनी बाइक छुड़ाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की अदालत से बाइक रिलीज करने का आदेश भी मिल गया। आदेश लेकर जब कोतवाली थाने का कांस्टेबल रतन सिंह सदर थाने पहुंचा, तो वहां बाइक थी ही नहीं। कांस्टेबल ने इधर-उधर देखा, मुंशी से पूछा लेकिन बाइक का कहीं पता नहीं चला। थाने के अंदर से गाड़ी गायब होने की बात जैसे ही अफसरों तक पहुंची, हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी में कैद हुई थाने के अंदर की सेंधमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब सदर थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज से पता चला कि 19 से 23 अप्रैल 2026 के बीच किसी शातिर चोर ने बड़ी चालाकी से थाना परिसर के अंदर घुसकर बाइक पार कर दी। अब पुलिस ने अपनी ही साख बचाने के लिए एएसआई श्रीराम की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में चोरी का मामला दर्ज किया है।
एसपी तक पहुंची शिकायत, प्रशासन ने कसी कमर
इस लापरवाही से नाराज बाइक मालिक ने अब बाड़मेर एसपी को ज्ञापन सौंपकर अपनी गाड़ी जल्द वापस दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं, कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस की टीमें अब चोर की तलाश में शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं।
पढ़ें ये खबरें
- धरने से पहले चांग स्कूल का टेंडर, 287 बेटियों के लिए CJP ने रखा अगला अल्टीमेटम
- भगवान जगन्नाथ की संपत्ति का वैश्विक दायरा: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी दर्ज है महाप्रभु के नाम जमीन
- शहर की सड़कें देखकर शर्मिंदा हूं… जानें मंत्री ने क्यों कही ये बात…
- दिग्गजों के नाम पर सियासत से लेकर शराबबंदी और बाढ़ पीड़ितों के दर्द तक, चिराग पासवान ने उठाई ये 5 बड़ी मांगें
- ये अन्याय नहीं तो और क्या! स्टाइपेंड बढ़ोतरी की मांग को लेकर BHMS इंटर्न के छात्र-छात्राएं ने खोला मोर्चा, आखिर कब मिलेगा न्याय?


