बरनाला: पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में बरनाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बरनाला-मोगा हाईवे पर एक ट्रक की तलाशी के दौरान 20 किलो अफीम बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मंगल राम पुत्र स्वर्ण राम निवासी निहाल जिला जालंधर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी राजस्थान से अफीम लाकर जालंधर समेत विभिन्न शहरों में सप्लाई करता था. इससे पूछताछ में कई जानकारी और आमने आ सकते हैं.

इस संबंध में खबर मिली है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंगल राम नाम का व्यक्ति ट्रक के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी करता है. सूचना के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 547 दर्ज की गई. इसके बाद पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की गई. उन्होंने बताया कि सीआईए के इंचार्ज नायब सिंह के नेतृत्व में टीम ने बरनाला-मोगा हाईवे पर राजस्थान नंबर वाले टाटा ट्रक (RJ 31 GB 4704) को रोककर जांच की. डीएसपी की मौजूदगी में ट्रक के कैबिन की तलाशी ली गई, जिसके दौरान 20 किलो अफीम बरामद हुई.

पहले भी केस दर्ज

आपको बता दें कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटना में लिप्त रह चुका है. एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले जम्मू-कश्मीर में भी कमर्शियल मात्रा में नशीले पदार्थों से संबंधित मामला दर्ज हो चुका है. वह हाल ही में उस मामले में बाहर आया था. पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी समय से सप्लाई का काम करता था।

उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से आरोपी के आगे और पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि वह अफीम कहां से लाता था, किसे सप्लाई करनी थी और इस तस्करी में अन्य कौन-कौन से व्यक्ति शामिल हैं. आपको बता दें कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और पैसों के लेन-देन के बारे में जानकारी हासिल की जा सके.