समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। यहां के एक स्थानीय उपभोक्ता अशोक कुमार गोले ने बिजली विभाग पर मनमाने तरीके से अतिरिक्त वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। उपभोक्ता का कहना है कि खराब मीटर बदलने के नाम पर उनसे बिना किसी पूर्व सूचना के 7,350 रुपये का अतिरिक्त शुल्क वसूल लिया गया है, जो अब सीधे बिजली बिल में जुड़कर आया है।

ये भी पढ़ें: मऊगंज में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल: खेतों के बीच बना दिया अस्पताल, न डॉक्टर, न रास्ता, न बिजली-पानी!

बिना जानकारी के नया मीटर लगाकर थमाया बिल

पीड़ित उपभोक्ता अशोक गोले ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने उनके घर आकर पुराना मीटर निकाला और उसकी जगह नया स्मार्ट मीटर लगा दिया, लेकिन इस दौरान उन्हें किसी भी प्रकार के शुल्क या चार्ज की कोई जानकारी नहीं दी गई। जब बाद में बिल हाथ में आया तो उसमें 7,350 रुपये की अतिरिक्त राशि जुड़ी देखकर उनके होश उड़ गए।

गोले ने यह भी शिकायत की है कि इलाके में स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ही बिजली के बिल पहले की तुलना में काफी बढ़कर आ रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, उनके बिल से यह अतिरिक्त राशि कम की जाए और भविष्य में किसी भी तरह के शुल्क की जानकारी उपभोक्ताओं को पहले ही दी जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें: करोड़ों का पुल या मक्का सुखाने का खलिहान? सड़क पर फसल फैलाकर रास्ता किया बंद, जिम्मेदार मौन!

अधिकारियों ने दिया जांच का आश्वासन

इस पूरे मामले पर जब बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री अरविंद सिंह से बात की गई, तो उनका कहना था कि उन्हें इस मामले की अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर स्पष्ट किया कि मीटर बदलने का तय चार्ज होता है, लेकिन 7,350 रुपये की राशि इतनी अधिक नहीं होनी चाहिए। अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि वे इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच करवाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m