समीर शेख, बड़वानी। जिले के बावनगजा के पास जंगल में सोमवार को एक महिला और पुरुष के शव फंदे पर लटके मिले। मृतकों की पहचान धार जिले के करौली निवासी अर्जुन डावर और महाराष्ट्र के जालना निवासी शारदा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन पहले से शादीशुदा था और शारदा भी विवाहित थी। कुछ दिन पहले अर्जुन की बाइक भी बावनगजा इलाके में मिली थी। इसके बाद से दोनों की तलाश की जा रही थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर जरूरी कार्रवाई शुरू की।
दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि बावनगजा के नीचे कालाखेत के जंगल में सुबह दो शव पेड़ पर लटके होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक महिला और एक पुरुष के शव मिले।
उन्होंने बताया कि दोनों ने संभवतः एक साथ आत्महत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक अर्जुन के परिजन धार से आ गए हैं और उसका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृतका शारदा के परिजन आने पर उसका भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बिसेन ने बताया कि दोनों अलग-अलग शादीशुदा थे। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



