Bastar News Update, बस्तर। बस्तर के करपावंड गांव में जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान विवाद हिंसक हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने जमीन मालिक, जमीन विक्रेता और आरआई के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कोर्ट के आदेश और सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही थी। वहीं ग्रामीणों और सरपंच का आरोप है कि जिस नक्शे के आधार पर सीमांकन किया गया, वह गलत है और पहले रिकॉर्ड में सुधार होना चाहिए था। फिलहाल प्रशासन दोषियों की पहचान कर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में जुटा है, जबकि गांव में स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

धान सूखत पर बवाल, कर्मचारियों ने सरकार के सामने रखी बड़ी मांग

बस्तर। बस्तर में धान खरीदी के बाद अब करोड़ों रुपये की सूखत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। समय पर धान का उठाव नहीं होने से करीब 50 हजार क्विंटल धान का वजन कम हो गया। इससे करीब 15 करोड़ 50 लाख रुपये की आर्थिक क्षति का आंकलन किया गया है। सहकारी समितियों का कहना है कि उठाव की जिम्मेदारी उनकी नहीं थी। ऐसे में सूखत की भरपाई कर्मचारियों से करना अन्याय होगा। जिला सहकारी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और सहकारिता मंत्री को ज्ञापन सौंपा है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि राहत नहीं मिली तो अगली धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे। वहीं मार्कफेड ने कमी वाले केंद्रों में रिकवरी और जांच के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार 79 में से 77 केंद्रों में सूखत दर्ज हुई है। बकावंड ब्लॉक सबसे अधिक प्रभावित बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।अब इस मामले में सरकार के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

यात्रियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, नशे में बस चला रहा चालक गिरफ्तार

सुकमा। कोंटा बस स्टैंड पर यात्रियों की सतर्कता ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया। पायल ट्रेवल्स की बस का चालक संदिग्ध हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने बस को रवाना होने से पहले ही रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ब्रीथ एनालाइजर और मेडिकल जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई।

आरोपी चालक प्रताप नायर ओडिशा के कोरापुट का रहने वाला है। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया। चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि यात्रियों की सजगता से संभावित दुर्घटना टल गई। यात्रियों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है।

एटीएम में तोड़फोड़ करने वाला युवक पहुंचा जेल

दंतेवाड़ा। बचेली में गुस्से में एटीएम तोड़ने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवक ने पहले एटीएम से सफलतापूर्वक पैसे निकाले थे। दूसरी बार लेन-देन असफल होने पर उसने मशीन पर हमला कर दिया। मॉनिटर स्क्रीन क्षतिग्रस्त होने के बाद बैंक प्रबंधन ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी और जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की।

पूछताछ के दौरान भी उसका व्यवहार उग्र बना रहा। थाने में हंगामा करने पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। ऐसी घटनाओं पर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लोगों से विवाद होने पर कानून का सहारा लेने की अपील की गई है। पुलिस मामले की निगरानी कर रही है।

नक्सल क्षेत्र में लंबी सेवा देने वाले थाना प्रभारी का तबादला

दंतेवाड़ा। बचेली थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू का महासमुंद जिले में तबादला हो गया है। उन्होंने करीब दो दशक तक नक्सल प्रभावित इलाकों में सेवाएं दीं। बीजापुर, भोपालपटनम, चिंतागुफा, गोलापल्ली और नारायणपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। दंतेवाड़ा जिले में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। भांसी, किरंदुल, यातायात शाखा और बचेली थाना उनकी प्रमुख पोस्टिंग रही।

लंबे अनुभव के कारण वे क्षेत्र में एक अनुभवी अधिकारी माने जाते हैं। अब उन्हें महासमुंद जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग ने उनके कार्यकाल की सराहना की है। साथियों ने उनके बेहतर कार्यों को याद किया। उनकी जगह नए थाना प्रभारी की नियुक्ति जल्द होने की संभावना है। स्थानांतरण आदेश के बाद उन्होंने कार्यभार सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों ने भी उनके कार्यकाल को याद किया।

narayana

शराब के नशे में मां की हत्या, बेटा गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। भांसी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है।।शराब के नशे में बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां की हत्या कर दी। बताया गया कि आरोपी ने खाना मांगा था। खाना नहीं मिलने पर उसने बांस के डंडे से हमला कर दिया।।सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सामु उर्फ श्याम तेलाम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।

शव का पोस्टमार्टम कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज किया है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका, 22 जून से चयन ट्रायल

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा के युवाओं के लिए खेलों में करियर बनाने का सुनहरा अवसर आया है। एजुकेशन सिटी जावंगा के एकलव्य खेल परिसर में चयन ट्रायल आयोजित होगा।।22 और 23 जून को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ट्रायल चलेगा। 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को एनआईएस प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण मिलेगा।

वॉलीबॉल, फुटबॉल, तीरंदाजी, कुश्ती सहित कई खेल शामिल हैं। रहने, भोजन, पढ़ाई और खेल सामग्री की व्यवस्था निःशुल्क होगी। आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला प्रशासन पूरा खर्च वहन करेगा। प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगे। अभिभावकों से बच्चों को ट्रायल में शामिल कराने की अपील की गई है। अधिक जानकारी के लिए खेल विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

सोशल मीडिया पर शिकार का वीडियो बना सबूत, 7 आरोपी जेल पहुंचे

सुकमा। सुकमा में वन्यजीवों के अवैध शिकार का बड़ा खुलासा हुआ है। इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों पर विशाल भारतीय गिलहरी और बंदर के शिकार का आरोप है। पूछताछ में वन्यजीवों का मांस खाने की बात भी सामने आई है। शिकार में इस्तेमाल हथियार और वीडियो बनाने वाला मोबाइल जब्त किया गया।

फोरेंसिक और साइबर जांच के लिए नमूने भेजे गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। दोष सिद्ध होने पर तीन से सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। वन विभाग ने लोगों से अवैध शिकार की सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मानसून की राह देख रहे किसान, अच्छी बारिश का इंतजार बढ़ा

बस्तर। बस्तर में मानसून की दस्तक में हो रही देरी अब किसानों की चिंता बढ़ाने लगी है। प्रदेश में मानसून आमतौर पर बस्तर के रास्ते प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी है। हालांकि प्री-मानसून की बारिश रोज़ कहीं न कहीं हो रही है। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने से किसानों की उम्मीद भी बढ़ी है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में मानसून बस्तर पहुंच सकता है। 23 जून के आसपास अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। सिंचाई के सीमित साधनों के कारण जिले के अधिकांश किसान बारिश पर ही निर्भर हैं। कई किसानों ने पहले ही धान की बोनी कर दी थी। लेकिन हल्की बारिश के बाद तेज धूप पड़ने से कई जगह बीज खराब हो गए। कई खेतों में धान का अंकुरण भी अपेक्षा से कम हुआ है। अब किसान दोबारा बोनी के लिए अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मानसून समय पर पहुंचा तो खेती की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m