Bastar News Update : जगदलपुर. केके लाइन स्थित मल्लीगुड़ा और जरति के बीच घाटी क्षेत्र में भूस्खलन और भारी बारिश के चलते रेल परिवहन पिछले 7 दिनों से पूरी तरह ठप है. ईस्ट कोस्ट रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर रात दिन जुटे हुए हैं, फिर भी केके लाइन को दुरुस्त करने में अभी कम से कम 10 दिन का समय और लगेगा. बताया गया कि रेल परिवहन बाधित होने की वजह से रेलवे को प्रतिदिन कम से कम 13 करोड रुपये का नुकसान हो रहा है. बताते चले कि जगदलपुर स्टेशन से 90 किमी दूर मल्लीगुड़ा और जरति के मध्य घाटी क्षेत्र में करीब 60 मीटर लंबी पटरी के नीचे की मिट्टी पूरी तरह बह गई है और पटरी के नीचे 20 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया है. इसे पाटने और रेल लाइन दुरुस्त करने के लिए एक दर्जन से ज्यादा जेसीबी और 200 मजदूर रात- दिन जुटे हुए हैं, फिर भी पिछले एक हफ्ते में यह रेलमार्ग दुरुस्त नहीं हो पाया है. जानकारी के मुताबिक, जिस हिसाब से नुकसान हुआ है. उसे दुरुस्त करने में कम से कम 10 दिन का समय और लगेगा. अधिकारों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से बारिश नहीं हो रही है इसलिए राहत कार्य में कोई बाधा नहीं आ रही है, लेकिन हादसा बड़ा है इसलिए टाइम लग रहा है. इधर केके लाइन में चलने वाली चार एक्सप्रेस और एक पैसेंजर सहित 40 मालगाड़ियों का परिवहन पूरी तरह ठप है. जिसके चलते उपरोक्त ट्रेनों से लंबी दूरी तय करने वाले बस्तर के यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है, वहीं लौह अयस्क की ढुलाई नहीं कर पाने की वजह से रेलवे को भी प्रतिदिन कम से कम 13 करोड रुपये का नुकसान हो रहा है.
भालू के हमले से 2 ग्रामीण घायल, जंगल में मवेशी चराने गए थे
सुकमा. जिले में पिछले कुछ दिनों से बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. इसी बीच पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के पालामडगू गांव में भालू के हमले से दो ग्रामीण घायल हो गए. दोनों जंगल में मवेशी चराने गए थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, पालामडगू गांव के पटेलपारा निवासी पोडियाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (50 वर्ष) गुरुवार दोपहर लगभग 2:30 बजे गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में मवेशी चराने गए थे. इसी दौरान अचानक भालू ने दोनों पर हमला कर दिया. हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. सुकमा जिले के अलग-अलग इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बाघ की मौजूदगी के संकेत मिलने के बाद वन विभाग निगरानी और ट्रैकिंग कर रहा है. अब पालामडगू के जंगल में भालू के हमले की घटना ने वनांचल के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. जंगल से लगे गांवों में रहने वाले लोगों के लिए मवेशी चराने और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए जंगल जाना जोखिम भरा हो सकता है. ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और लोगों को वन्यजीवों से बचाव के लिए जागरूक करने की मांग की है.
नदी में डूबे दोनों छात्रों के शव बरामद
पखांजूर. दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निकले नौ स्कूली छात्रों के लिए गुरुवार का दिन जिंदगी भर का दर्द बन गया. जिस सफर पर हंसी-मजाक, मस्ती और यादगार पल संजोने की उम्मीद लेकर निकले थे, वही सफर दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ले गया. महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बांडा नदी के करका घाट में नहाने के दौरान गहरे पानी में समाए कक्षा दसवीं के दो छात्रों के शव आखिरकार लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए गए. दोनों किशोरों की मौत की खबर से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिन घरों में बच्चों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब चीख-पुकार और सिसकियों के बीच अंतिम विदाई की तैयारी है. पीव्ही-109 गोपालपुर निवासी अभिजीत विश्वास का शव घटना के करीब 19 घंटे बाद नदी से बाहर निकाला गया, जबकि पीव्ही-105 विकासपल्ली निवासी शाहिल वर्मन का शव लगभग 30 घंटे की तलाश के बाद बरामद हुआ. कांकेर से पहुंची रेस्क्यू टीम, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने लगातार प्रयास कर दोनों छात्रों के शवों को नदी से बाहर निकाला. घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान परिजन और ग्रामीण नदी किनारे उम्मीद लगाए बैठे रहे. हर बार जब रेस्क्यू टीम पानी से बाहर आती, तो लोगों की नजरें इस आस में टिक जातीं कि शायद इस बार उनका बच्चा मिल जाए. लेकिन अंततः दोनों छात्रों के शव मिलने के साथ ही परिवारों की बची-खुची उम्मीद भी टूट गई. कांकेर से पहुंची रेस्क्यू टीम, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने मिलकर नदी में तलाश की. काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका. शव बरामद होने के बाद घटनास्थल पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों का दुख छलक पड़ा. जिन बच्चों को हंसते-खेलते घर लौटना था, वे निर्जीव अवस्था में घर लौटने की स्थिति में पहुंचे. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महाराष्ट्र के एटापल्ली भेजा गया है. घटना के बाद से पीव्ही-109 गोपालपुर और पीव्ही-105 विकासपल्ली में शोक का माहौल है. दोनों गांवों में लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इरपनार में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत नौ छात्र पिकनिक मनाने महाराष्ट्र सीमा पर स्थित करका घाट पहुंचे थे. दोस्तों के साथ समय बिताने और नदी में नहाने की मंशा से पहुंचे इन छात्रों को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में उनके साथ ऐसी अनहोनी हो जाएगी, जो सभी की जिंदगी बदल देगी. नदी में नहाने के दौरान अभिजीत विश्वास और शाहिल वर्मन गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते पानी में समा गए. दोनों को डूबता देख वहां मौजूद साथियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई. सूचना फैलते ही परिजन, ग्रामीण और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे. नदी किनारे अपनों की सलामती की दुआ करते लोगों की भीड़ जुट गई. दोनों छात्र अभी पढ़ाई कर रहे थे. उनके सामने भविष्य के सपने थे और परिवारों को उनसे ढेरों उम्मीदें थीं. किसी ने सोचा भी नहीं था कि पिकनिक का यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा. इस हादसे ने दो परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती.
ATM कार्ड बदलकर ठगी, अंतर्राज्यीय गिरोह के 2 गिरफ्तार
जगदलपुर. एटीएम से रुपए निकालने के दौरान ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. हरियाणा व ओडिशा के आरोपियों से बाइक, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लायसेंस, मोबाइल, आधार, पेन कार्ड व नगद रकम बरामद की गई है.मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी शलभ कुमार सिन्हा व एएसपी सुखनन्दन राठौर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान एवं रेंज सायबर थाना प्रभारी गौरव तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी.c बोधघाट थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए प्रार्थी रामेश्वर बघेल निवासी संजय गांधी वार्ड ने बताया कि 12 फरवरी को वह बोधघाट चौक में स्थित इंडिया वन एटीएम में पैसा निकालने गया था, जहां पर उसके पीछे पीछे दो व्यक्ति भी उसके साथ एटीएम बूथ के अंदर घूंस गए और उसे अपने बातों में बहला फुसला कर एटीएम पिन कोड को पता करते हुए प्रार्थी के एटीएम कार्ड को अपने पास रखे, डमी एटीएम कार्ड से बदली कर उसके साथ धोखोधड़ी करते हुए प्रार्थी के अकॉउंट से 30 हजार नगद तथा पॉस मशीन की मदद से 75 हजार कुल 1 लाख 5 हजार आहरण कर ठगी किया है. रिपोर्ट दर्ज होते ही टीम के द्वारा घटना दिनांक का घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज एकत्रित किया गया एवं आसपास के टावर डंप लेकर विश्लेषण किया गया तथा संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों का लोकेशन चेक किया गया. संदेही व्यक्ति का लोकेशन हिसार हरियाणा में होना पाया गया, जिसे लगातार ट्रैक किया जा रहा था. इसी बीच संदेही का लोकेशन कोटपाड़ ओडिशा में होना पाया गया. जिसे तत्काल रेड कार्यवाही करते हुए हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर बताया कि वह अपने साथी भीम उर्फ भीमो के साथ मिलकर घटना दिनांक को अपने डमी एटीएम से बदलकर उसके अकॉउंट ठगी करना स्वीकार किया.

Bastar News Update : नशीली कैप्सूल बेचते आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर. नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. शुक्रवार को आरोपी नशीली कैप्सूल बेचने ग्राहक का इंतजार कर रहा था तभी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, एएसपी सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन व सीएसपी सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित किया गया था. टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मगडूं कचौरा रोड गोयल बाड़ी के पास के अवैध रूप से नशीली टेबलेट बिक्री करने खड़ा हैं. मौके पर पहुंचकर टीम द्वारा घेराबंदी कर युवक को पकड़ा गया. पूछताछ करने पर उसने अपना नाम संदीप नाग 28 साल निवासी डोंगाघाट थाना कोतवाली को रहने वाला बताया. उसके कब्जे से 56 नग प्रतिबंधित अवैध नशीली कैप्सूल बरामद किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 2 हजार 8 सौ रूपए आंकी गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 21 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विशेष न्यायालय एनडीपीएस में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

