Bastar News Update : जगदलपुर. इंद्रावती नदी किनारे बसे 63 गांव के रहवासी बाढ़ का दंश झेल रहे हैं. बाढ़ से गिरे घरों का सामान निकालने मदद करने गांव में मजदूर भी नहीं मिल रहे हैं. ऐसे वक्त में करीतगांव हाई स्कूल के बच्चे कुरुषपाल बस्ती के बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों के घर पहुंच ढहे घरों से जरूरी सामान निकालने में मदद कर रहे हैं. करीतगांव हायर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं पढ़ने वाले छात्र-छात्रा जो राष्ट्रीय सेवा योजना के सदस्य भी हैं. सोमवार को कुरुषपाल गांव के तीन घरों में पहुंचे और ग्रामीणों की मदद की. राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी राहुल सिंह ठाकुर ने बताया कि विपदा के समय अपनों की सेवा करना ही राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य है इसलिए बच्चे सोमवार को केशाबती राजू, देवकी भारती तथा एक अन्य पीड़ित के घर जाकर सामान निकालने में मदद की है. मंगलवार को भी एनएसएस की यह टीम बाढ़ पीड़ितों की मदद करने इस बस्ती में आएगी.
करंट की चपेट में आकर विद्युत कर्मी की मौत
विश्रामपुरी. बिजली विभाग के संविदा विद्युत कर्मियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा हादसा है. है. 2026 का यह दूसरा बड़ा कोंगेरा में हुई घटना के कुछ महीनो बाद ही अब विश्रामपुरी में बिजली सुधार के दौरान करंट की चपेट में आने से एक संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम को ग्राम पंचायत भवन विश्रामपुरी (अ) के पास एक खंभे पर शिकायत मिली थी, शिकायत के अनुसार घनश्याम निषाद मौके पर पहुंचे नियमानुसार शटडाउन लेकर बिजली पोल पर चढ़े और लाइन सुधारने लगे. अचानक लाइन में सप्लाई आ गई और वे जोरदार करंट की चपेट में आ गए, करंट इतना तेज था कि शरीर झुलस गया और सिर के बल जमीन पर नीचे गिर गए जिससे सिर पर गंभीर चोटें आई. सिर से काफी खून भी बह गया. उन्हें इसी हालत में इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुरी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत्यु घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. बता दें कि इस वर्ष जून में कोंगेरा क्षेत्र में भी एक विद्युत कर्मी लाइन सुधार के दौरान करंट की चपेट में आने से काल के गाल में समा गया था. जामगांव केशकाल निवासी घनश्याम निषादकी सगाई हो चुकी थी जनवरी 2027 में शादी भी होने वाली थी.घर में मां और एक बहन है. मृतक पिछले कई वर्षों से विभाग में संविदा कर्मी के रूप में सेवाएं दे रहे थे.
सड़क दुर्घटना में मामा की मौत, भांजा घायल
फरसगांव. नेशनल हाईवे 30 पर सारबेडा के पास रविवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बाइक सवार मामा-भांजे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराए. हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार मामा शिवलाल मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भांजा मनोज सलाम, पिता फरसु सलाम, निवासी बड़े ठेमली गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने शिवलाल मरकाम को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवाया. वहीं गंभीर रूप से घायल मनोज सलाम की प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कांकेर रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि मामा-भांजा बाइक से फरसगांव की ओर आ रहे थे. इसी दौरान सारबेडा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे बाइक जा टकराई. हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच के साथ हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट
सुकमा. शहर के कुम्हाररास इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान पिता ने अपने ही बेटे की टांगिया से हमला कर हत्या कर दी. घटना 4 अक्टूबर की बताई गई है. सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार टांगिया बरामद कर लिया है. आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया. एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कुम्हाररास निवासी वेट्टी लक्ष्मण (30) का शराब के नशे में अपने पिता वेट्टी हड़मा (50) से पारिवारिक विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर पिता ने धारदार टांगिया से बेटे पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच निरीक्षण कर एफएसएल की मौजूदगी में भौतिक साक्ष्य जुटाए. शव का पोस्टमार्टम कराया गया. आरोपी वेट्टी हड़मा के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

