जगदलुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक हुई, जिसमें विकास का रौडमैप तैयार किया गया। बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, बस्तर में अब भय का माहौल समाप्त हो चुका है। हर जगह उत्साह, विश्वास नजर आ रहा है। हम सबके लिए गर्व का विषय है कि बस्तर अब नक्सल मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा, नक्सल उन्मूलन अभियान में ढेर सारी नॉन बीजेपी सरकारों ने हमारा सहयोग किया है, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस (भूपेश) सरकार ने हमारा सहयोग नहीं किया। प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा मौजूद थे।
अमित शाह ने कहा, जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं तो पता चलता है कि बस्तर में विकास नहीं पहुंचने का कारण नक्सलवाद ही था। देश में कई सारे हिस्से ऐसे थे, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र से भी ज्यादा पिछड़े हुए थे पर वहां नक्सलवाद नहीं था। वो क्षेत्र धीरे-धीरे आगे बढ़ गए मगर हमारा बस्तर जस का तस रहा। 19 मई 2026 की ये तिथि है, जहां से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संपूर्ण विकास की परिकल्पना को लॉन्च किया जा रहा है। बस्तर को अब देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाया जाएगा।


शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा में मिलेगी ये सुविधाएं
उन्होंने कहा, बस्तर के नक्सल मुक्त होने के बाद 200 में से 70 कैंपों को ‘वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जाएगा। सेवा डेरा का उद्देश्य सरकार को गांव के दरवाजे तक ले जाना है। सरकार सुविधाओं को बस्तर के हर घर तक पहुंचाएगी। यहां एक ही जगह पर सरकार की योजनाओं का लाभ मिलेगा। सेवा डेरा में बैंकिंग की सुविधा होगी, आधार कार्ड भी बनेगा, सारी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होगी। कौशल प्रशिक्षण भी मिलेगा, जिसके माध्यम से रोजगार के लिए सभी को तैयार किया जाएगा। सस्ता अनाज भी वहां उपलब्ध होगा, प्राथमिक शाला भी होगी, आंगनबाड़ी भी होगा। एक प्रकार से एक ही सेवा डेरा के अंदर विकास के सारे काम वहां पर उपलब्ध हो जाएंगे।
बस्तर में बनेगा बड़ा डेयरी नेटवर्क
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अब विकास की भागीदारी महिलाओं की भी होगी। बस्तर में हर आदिवासी महिला को पशुपालन से जोड़ने की योजना है। सरकार महिलाओं को गाय और भैंस उपलब्ध कराएगी। 6 महीने में बस्तर में बड़ा डेयरी नेटवर्क बनेगा।
अब तेजी से होगा बस्तर का विकास
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, नक्सलवाद के कारण पूरा क्षेत्र विकास से कोसो दूर रह गया था। रोजगार की दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं था। न गांव में बिजली पहुंची न पानी पहुंचा। अब सारी व्यवस्था सेवा डेरा के माध्यम से पूरे बस्तर में होगी। हमारे जवानों की साहस, बलिदान के कारण बस्तर अब नक्सल मुक्त हो चुका है। अब तेजी से बस्तर का विकास होगा। इसके पहले भी प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में बस्तर के विकास के लिए कई सारे काम कर चुके हैं।
जगदपुर में खुलेगा 240 बिस्तर वाला हॉस्पिटल
अमित शाह ने कहा, हमने 20 हजार 557 करोड़ की लागत से 12 हजार 211 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा कर दिया है। टोटल 13 हजार मोबाइल टावर का प्लानिंग किया है, जिसमें से 5 हजार मोबाइल टावर नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र में लग चुके हैं। 1804 बैंक की शाखाएं खुली है। 1321 एटीएम खुल चुके हैं और 800 पोस्ट ऑफिस खोलने का काम भी समाप्त हो चुका है। 259 एकलव्य स्कूल, 46 आईटीआई, 49 स्कील डेवलपमेंट सेंटर बस्तर में खुल चुके हैं। युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। 240 बिस्तर वाला हॉस्पिटल जगदपुर में खुलेगा, जिसका भूमिपूजन कल किया गया। अब बस्तरवासियों को भय से जीने की जरूरत नहीं है। विकास का रास्ता प्रशस्त हो रहा है।
खेलों से जोड़ने बस्तर ओलंपिक का हो रहा आयोजन
अमित शाह ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में आदिवासी संस्कृति को बचाने के लिए बस्तर पंडुम का आयोजन किया जा रहा है। खेलों से जोड़ने बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। दूसरी बार आयोजि बस्तर ओलंपित में 3 लाख 64 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी भाग लिया था।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

