बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने पड़ोस के युवक पर दुष्कर्म और उसके भाई के साथ मिलकर गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बस्ती. जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से कथित दुष्कर्म और उसका गर्भपात कराने का मामला सामने आया है. किशोरी ने अपने गांव के एक युवक पर दुष्कर्म करने और युवक के भाई के साथ मिलकर निजी अस्पताल में गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तबीयत बिगड़ने पर सामने आया मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने आरोप लगाया है कि गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. किशोरी के मुताबिक, युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
बताया गया है कि किशोरी की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली. परिजनों के पूछने पर किशोरी ने उन्हें अपनी आपबीती बताई. आरोप है कि इसके बाद युवक और उसके भाई ने मिलकर एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया.
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके बाद कलवारी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया.
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि नाबालिग की शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

