बठिंडा: बठिंडा से बेहद दुखी करने वाली खबर सामने आ रही है. यहां ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे एक युवक की बठिंडा-मलोट रोड पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई. बल्लुआणा टोल प्लाजा के पास कथित तौर पर गलत दिशा से आ रही PRTC की सरकारी बस ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद बस चालक वहां का हाल देख कर वहां से भाग गया.
मृतक की पहचान गांव करमगढ़ सत्तरा निवासी सुखमंदीप सिंह के रूप में हुई है. इस घटना से मृतक के घर वालों का हाल बेहाल है, वही स्थानीय लोगों में बेहद नाराजगी देखी जा रही है.
जानकारी के अनुसार सुखमंदीप सिंह बल्लुआणा में ट्यूशन पढ़ने गया था. रात को मोटरसाइकिल से गांव लौटते समय वह बल्लुआणा टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रही PRTC बस ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि बस गलत दिशा में चल रही थी. टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और वह वही दम तोड़ दिया.
हादसे से गुस्साए परिजनों और गांव करमगढ़ सत्तरा के लोगों ने युवक का शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की. प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक दुर्घटना के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया. वह गांवों के रास्ते से बस को मलोट की ओर भाग रहा था, सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाशी कर आरोपी चालक को मलोट से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. सुखमंदीप सिंह के पिता भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं. जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.

