भुवनेश्वर. ओडिशा राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) ने नागरिकों को ई-चालान से जुड़े वॉट्सऐप फर्जीवाड़े और साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क करते हुए एक एडवाइजरी जारी की है। एसटीए ने स्पष्ट किया है कि विभाग की ओर से कभी भी ई-चालान का भुगतान मांगने के लिए वॉट्सऐप पर कोई मैसेज नहीं भेजा जाता है।
हाल के दिनों में साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए वॉट्सऐप पर फर्जी संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में दावा किया जाता है कि वाहन चालक ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया है, जैसे हेलमेट न पहनना, सीटबेल्ट न लगाना या ओवरस्पीडिंग।
मैसेज के साथ ठग एक संदिग्ध एपीके फाइल या अज्ञात वेब लिंक संलग्न करते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है या फाइल डाउनलोड करता है, उसका फोन हैक हो सकता है या उसकी निजी व वित्तीय जानकारी चोरी हो सकती है। इसके जरिए ठग लोगों के बैंक खातों से पैसे भी उड़ा रहे हैं।
एसटीए अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे ई-चालान का भुगतान केवल और केवल भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें: https://echallan.parivahan.gov.in
विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि, किसी भी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। वॉट्सऐप पर प्राप्त किसी भी प्रकार की APK फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल न करें। आधिकारिक पोर्टल के अलावा किसी अन्य तीसरे पक्ष की वेबसाइट या ऐप पर चालान से संबंधित लेनदेन न करें।
परिवहन प्राधिकरण ने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने का आग्रह किया है। यदि किसी नागरिक को ऐसा कोई फर्जी संदेश प्राप्त होता है, तो वह तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों या राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
साइबर विशेषज्ञों का भी मानना है कि केवल थोड़ी सी जागरूकता और आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करके ही इस तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



