MP Morning News: आज से शक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना होगी। श्रद्धालु पहले दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा अर्चना करेंगे। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ पड़े है। नवरात्र को लेकर मंदिरों में विशेष साज-सज्जा के साथ तैयारियां की गई है।
CM के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नरसिंहपुर, बालाघाट और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे नरसिंहपुर में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण और बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुजुर्गों का सम्मान और नशामुक्ति रैली का शुभारंभ करेंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे। नरसिंहपुर से 502 करोड़ रुपये की RTE फीस प्रतिपूर्ति राशि ट्रांसफर करेंगे। जिले में 175.14 करोड़ रुपये के विकास कार्यो का लोकार्पण-भूमिपूजन होगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जाएंगे। यहां से लौटने के बाद बालाघाट के सुपखार में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुपखार में जंगली भैंसों का विमुक्तिकरण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
MP के पटवारियों को कानूनी पचड़ों से बड़ी राहत
स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री में विवाद पर पटवारियों के खिलाफ आपराधिक केस नहीं होगा। ‘धारा 218’ से सुरक्षा मिलेगी। राजस्व विभाग ने अहम आदेश जारी किया है। शुक्रवार रात मुख्यमंत्री और पटवारी संघ के बीच सहमति बनी थी। कानूनी कार्रवाई के डर से चल रहा पटवारियों का भारी विरोध खत्म हुआ। पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू अभियान में एक महीने में 50 लाख रजिस्ट्री का लक्ष्य रखा गया है। सुरक्षा मिलने से पटवारी अब बिना डरे होकर काम कर सकेंगे।
इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज का महामुकाबला
इंदौर के होलकर स्टेडियम में आज शाम 7 बजे भारत और वेस्टइंडीज के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें शनिवार को चार्टर्ड फ्लाइट से इंदौर पहुंच चुकी हैं। टी 20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है। इसलिए आज का मैच बढ़त हासिल करने के लिए अहम होगा। इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों काफी उत्साह है। वहीं स्टेडियम के बाहर टीम इंडिया की जर्सी, टी-शर्ट और कैप की दुकानें सज गई है।
मां दुर्गा के स्वागत की भव्य झलक
शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई है। इससे पहले राजधानी भोपाल में मां दुर्गा के स्वागत की भव्य झलक देखने को मिली। शनिवार की रात नेहरू नगर स्थित करुणाधाम मंदिर की बड़ी अम्मा के आगमन पर माता मंदिर चौराहे पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्वागत के लिए पहुंचे। आतिशबाजी, लेजर लाइट और फायर शो के बीच पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं में बड़ी अम्मा के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

