अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले में शादी की तैयारियों के बीच एक बड़ी वारदात सामने आई है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक पिता से पांच लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया। यह रकम बेटी की शादी की खरीदारी के लिए बैंक से निकाली गई थी। खास बात यह है कि इस लड़की की शादी जमुई में तैनात एक पुलिस अधिकारी (ASI) से तय हुई है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मायूसी छाई हुई है, वहीं पुलिस की साख दांव पर लग गई है।
बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे थे पिता
पीड़ित रमेश कुमार सिंह उर्फ पीयूष मूल रूप से लाखो थाना क्षेत्र के शाहपुर के रहने वाले हैं, जो अपने बच्चों की पढ़ाई और व्यवसाय के सिलसिले में परिवार सहित शहर में रह रहे हैं। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी जमुई जिला अंतर्गत फतेहपुर में तैनात 2024 बैच के ASI शिव पूजन सिंह के साथ तय की है। शादी की तारीखें बेहद नजदीक हैं; 29 नवंबर को सगुण और 2 दिसंबर को शादी होनी है। इसी सिलसिले में खरीदारी करने के लिए रमेश कुमार सिंह ने शहर के पंजाब नेशनल बैंक से 5 लाख रुपये नकद निकाले थे।
रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई वारदात
रुपये निकालने के बाद जब वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी लोहिया नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज (ROB) डाउन टर्न के पास पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित पिता ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन शातिर बदमाश आंखों से ओझल हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने स्थानीय लोहिया नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिवार में छाई मायूसी, पुलिस की साख दांव पर
घटना की जानकारी मिलते ही लड़की के घर में कोहराम मच गया। मां रंजू सिंह और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी के उल्लास का माहौल अचानक तनाव और संशय में बदल गया है। इस घटना की सूचना जमुई में तैनात होने वाले दूल्हे पक्ष को भी दे दी गई है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
दूसरी ओर, इस हाई-प्रोफाइल मामले ने बेगूसराय पुलिस की नींद उड़ा दी है क्योंकि मामला एक पुलिसकर्मी (ASI) के परिवार से जुड़ा है। पुलिस अपनी साख बचाने के लिए इलाके खंगाल रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही दोनों शातिर बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

