अजय कुमार शास्त्री, बेगूसराय। जिले में निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में साहेबपुर कमाल थाने में तैनात एएसआई चंदन झा को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एएसआई को 29 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। मिली जानकारी के अनुसार एक शराब तस्करी के मामले में जब्त i20 कार से जुड़े केस में शिकायतकर्ता का नाम हटाने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।

निगरानी विभाग ने शिकायत के बाद की कार्रवाई

मामले का खुलासा करते हुए निगरानी विभाग पटना के डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहने वाले अमित कुमार ने निगरानी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक मामले से उनका नाम हटाने के एवज में एएसआई चंदन झा उनसे रिश्वत मांग रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। इसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया। इसके बाद सोमवार को डीएसपी गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में ट्रैप टीम ने कार्रवाई की। टीम ने प्रखंड मुख्यालय के पास जाल बिछाया और जैसे ही एएसआई ने अमित कुमार से 29 हजार रुपये लिए, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

50 हजार की मांग, 29 हजार में तय हुआ सौदा

निगरानी डीएसपी के मुताबिक, इस मामले में पहले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। हालांकि, बातचीत के बाद 29 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। गिरफ्तारी के बाद एएसआई के पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।

शराब तस्करी में जब्त कार से जुड़ा है मामला

पूरा मामला एक चारपहिया वाहन से जुड़ा है, जिसे शराब तस्करी के एक केस में जब्त किया गया था। बताया जा रहा है कि संबंधित वाहन पहले बेचा जा चुका था। बाद में वही गाड़ी शराब तस्करी के मामले में पकड़ी गई। इसी केस में शिकायतकर्ता अमित कुमार का नाम हटाने के एवज में एएसआई पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

परिसदन से पटना ले जाने की तैयारी

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को बेगूसराय परिसदन लेकर पहुंची। यहां जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले जाने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- सनकी पति ने पत्नी पर कैंची से किए 170 से अधिक वार, रात 2 बजे इस बात को लेकर हुआ था विवाद