अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के सदर अस्पताल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। लाखो थाना से दो कैदियों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, जहां ड्यूटी पर तैनात चौकीदार संजय पासवान कैदियों को छोड़कर पान खाने चले गए। इस दौरान हथकड़ी लगाए कैदी करीब आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में बैठे रहे।

किसी से डर नहीं लगता- चौकीदार

मौके पर मौजूद लोगों ने, जब चौकीदार की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया तो संजय पासवान ने कहा कि वह लाखो थाना के चौकीदार हैं और उन्हें किसी से डर नहीं लगता। उन्होंने बताया कि, वह बगल की दुकान पर पान खाने गए थे। वहीं दूसरे चौकीदार रामानंद साह संजय पासवान को कैदी के पास छोड़कर पूर्जा का फोटो कॉपी करने के लिए बाहर गए हुए थे।

काफी देर तक गायब थे चौकीदार- कैदी

वहीं एक कैदी ने यह भी बताया कि चौकीदार उन्हें छोड़कर काफी देर तक गायब थे। इसी बीच मीडिया कर्मियों का कैमरा चलते देख चौकीदार को मामले की भनक लगी, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों कैदियों को अपने कब्जे में लिया। सामने आए वीडियो में कैदी मोबाइल पर बात करता हुआ भी नजर आ रहा है, जिसे लेकर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर उसके पास मोबाइल कहां से आई।

कैदियों की सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद सदर अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच पुलिस की कार्यशैली और कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। अब सवाल उठ रहा है कि अगर इस दौरान कोई कैदी फरार हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: परीक्षा देने आए छात्र की चाकू मारकर हत्या, गांव का युवक ही निकला हत्यारा