अजय शास्त्री/ बेगूसराय। पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर थाना क्षेत्र में तैनात टाइगर मोबाइल के दो जवानों पर एक नकली सिगरेट फैक्ट्री के संचालक से ₹3 लाख वसूलने का सनसनीखेज आरोप लगा है। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित व्यवसायी ने हिम्मत दिखाकर पुलिस के आला अधिकारियों से इसकी शिकायत की।

​धमकी देकर वसूले ₹3 लाख

​आरोप है कि इन दोनों जवानों ने व्यवसायी को डरा-धमकाकर पैसों की मांग की थी। जवानों ने धमकी दी थी कि यदि उन्हें मोटी रकम नहीं दी गई, तो वे व्यवसायी और उसके पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेज देंगे। गिरफ्तारी और बदनामी के डर से पीड़ित पिछले दो-तीन महीनों से इन भ्रष्ट जवानों की अवैध मांगों को पूरा कर रहा था।

​एक गिरफ्तार, दूसरे के घर से बरामद हुई रकम

​मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी आनंद पांडे के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने जाल बिछाकर एक आरोपी टाइगर मोबाइल जवान को धर दबोचा और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापेमारी के दौरान दूसरे आरोपी जवान के घर से वसूली गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है, हालांकि वह मौका पाकर भागने में सफल रहा। फरार जवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

​पुलिस की छवि पर दाग

​इस घटना के बाद पूरे शहर में पुलिस के खिलाफ आक्रोश और चर्चाओं का बाजार गर्म है। रक्षक ही जब भक्षक बन जाएं, तो आम जनता का भरोसा कानून से उठने लगता है। सदर डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।