Behror Nagar Nikay Chunav में मतदान खत्म होने के बाद भी सियासी हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। वार्ड नंबर 7 की निर्दलीय प्रत्याशी रेखा अग्रवाल के पति और अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की गिरफ्तारी ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया। शुक्रवार को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए संजय अग्रवाल को शनिवार को पुलिस ने एसडीएम के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को बहरोड़ का मुख्य बाजार बंद रहा और समाज के लोगों ने थाने व उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

संजय अग्रवाल की गिरफ्तारी कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर की गई थी। गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी रेखा अग्रवाल भी महिलाओं के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि संजय को राजनीतिक दबाव के चलते गिरफ्तार किया गया है। उनका कहना था कि रेखा अग्रवाल सभापति पद की दावेदार हैं।
गिरफ्तारी के विरोध में बंद रहा मुख्य बाजार
संजय अग्रवाल की गिरफ्तारी की खबर फैलने के बाद बहरोड़ के सबसे पुराने मुख्य बाजार को बंद रखा गया। समाज के लोग बड़ी संख्या में थाने और उपखंड कार्यालय पहुंचे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया। बहरोड़ सदर, नीमराणा, मांढ़ण और शाहजहांपुर थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। संजय अग्रवाल की रिहाई के बाद समर्थकों और समाज के लोगों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की।
मतदान खत्म, अब बोर्ड के समीकरण पर नजर
बहरोड़ नगर निकाय चुनाव में मतदान शुक्रवार को पूरा हो चुका है। इसके साथ ही सभी ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दी गई हैं। लेकिन चुनावी गतिविधियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। अब भाजपा और कांग्रेस की नजर नगर परिषद में बोर्ड बनाने के समीकरण पर है। बहरोड़ नगर परिषद में इस बार 86.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के बाद दोनों प्रमुख दल अपने-अपने प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन कर रहे हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि बहुमत के लिए किन निर्दलीय प्रत्याशियों का समर्थन जरूरी पड़ सकता है।
निर्दलीय तय कर सकते हैं बोर्ड की तस्वीर
बहरोड़ के अलावा बर्डोद और मांढ़ण नगरपालिका चुनाव में भी निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा और कांग्रेस के लिए मुकाबले को दिलचस्प बनाया है। ऐसे में चुनाव परिणाम आने से पहले ही दोनों दल संभावित समीकरणों पर नजर बनाए हुए हैं। खास बात यह है कि कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया है। ऐसे में 14 सितंबर को आने वाला परिणाम केवल जीत-हार तय नहीं करेगा, बल्कि नगर निकाय में बोर्ड बनाने की तस्वीर भी साफ करेगा।
स्ट्रांग रूम में बंद EVM, 14 सितंबर को खुलेगा परिणाम
शुक्रवार देर रात बहरोड़ नगर परिषद और बर्डोद नगरपालिका क्षेत्र की ईवीएम मशीनों को राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कर सील कर दिया गया। अब इन मशीनों की निगरानी के बीच मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बहरोड़ पंकज बड़गूजर के अनुसार, 14 सितंबर को मतगणना होगी। इसी दिन बहरोड़ नगर परिषद समेत संबंधित निकायों में प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला होगा।
पढ़ें ये खबरें
- सड़क निर्माण और रखरखाव में लापरवाही पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, मुख्य सचिव को आदेश के पालन की जानकारी देने के निर्देश
- इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतारी गई युवती और दो युवक! लापता होने की शिकायत के बाद CISF की कार्रवाई, परिजनों ने जताई ‘लव जिहाद’ की आशंका , मुंबई जाने की तैयारी में थे तीनों
- नीला ड्रम हत्याकांड: DNA टेस्ट तक कराने को तैयार नहीं सौरभ का परिवार, जानिए जेल में जन्मी बच्ची का अब क्या होगा?
- IND vs WI 4th T20I: वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराया, संजू की फिफ्टी बेकार, कीमो पॉल ने झटके 5 विकेट, सीरीज 2-2 से बराबर
- पटना के बोरिंग रोड में Shriram Finance के नए BU ऑफिस का उद्घाटन, मंत्री लेशी सिंह और डॉ. सत्यजीत सिंह रहे मौजूद

