TMC Leader Somnath Dey Arrest: आरजी कर रेप-मर्डर केस ( Kolkata RG Kar Rape Murder Case) में बंगाल पुलिस (Bengal Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के मामले में पुलिस ने टीएमसी (TMC) नेता सोमनाथ डे को गिरफ्तार किया है। बंगाल पुलिस ने सोमनाथ डे को कोलकाता से 1900 किमी दूर बेंगलुरु में छापा मारकर गिरफ्तार किया। सोमनाथ पानिहाटी नगरपालिका के चेयरमैन हैं।
बंगाल पुलिस को सोमनाथ डे के बेंगलुरु में छिपने की जानकारी मिली थी। इसके बाद बंगाल पुलिस ने 2 अगस्त 2026 की सुबह बेंगलुरु में छापेमारी के दौरान डे को पकड़ा था। गुरुवार रात करीब 2:20 बजे उन्हें बंगाल लाया गया।
जांच अधिकारियों के मुताबिक सोमनाथ डे ने अपराध के बाद सबूत नष्ट करने की कोशिश की थी। आरोप है कि उन्होंने पीड़िता के शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने में मदद की थी। पुलिस ने आरोपी टीएमसी नेता सोमनाथ डे को रिमांड पर लिया है। बंगाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में बड़ा खुलासा देखने को मिल सकता है।
मामले की जांच प्रगति से पीड़िता की मां नाखुश, अपने ही सरकार पर सवाल दागे
इधर आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से रेप और मर्डर मामले में जांच की तीव्रता से पीड़िता की मां और बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ (Ratna Debnath) बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। पीड़िता की विधायक मां ने सीबीआई जांच की आलोचना करते हुए कहा कि वो CBI जांच की प्रगति से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। सरकार बदलने और खुद की पार्टी की सरकार बनने के बावजूद न्याय के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। बैरकपुर में बुधवार को कार्यक्रम के दौरान रेप मर्डर पीड़िता की मां और पनिहाटी से बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ ने कहा कि न्याय दिलाने की प्रक्रिया पर आगे नहीं बढ़ा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार बदलने के बाद भी असल में स्थिति बदली है।
8-9 अगस्त 2024 की रात ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या हुई
बता दें कि आरजी कर हॉस्पिटल में 8-9 अगस्त 2024 की रात ट्रेनी महिला डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। 9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की लाश सेमिनार हॉल में मिली थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को 10 अगस्त को अरेस्ट किया था। घटना को लेकर कोलकाता समेत देशभर में प्रदर्शन हुए। बंगाल में 2 महीने से भी ज्यादा समय तक स्वास्थ्य सेवाएं ठप रही थीं। 20 जनवरी 2025 को सेशंस कोर्ट ने आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
हाईकोर्ट के आदेश पर CBI ने जांच शुरू की थी
9 अगस्त की घटना के बाद आरजी कर अस्पताल के डॉक्टरों और पीड़ित परिवार ने मामले की CBI जांच की मांग की थी। हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जांच के आदेश नहीं दिए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 13 अगस्त को जांच CBI को सौंपी गई। इसके बाद CBI ने नए सिरे से जांच शुरू की।
‘इस्लाम सब धर्मों में श्रेष्ठ, सबको मस्जिद जाना चाहिए…’, कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी का बयान, कहा- मक्का जाना चाहता हूं, BJP भड़की
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



