Bengaluru Love Marriage Case: राजस्थान के मेलवास गांव की 21 साल की पूजा ने करीब 8-9 महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ 23 साल के ओम प्रकाश से शादी की थी। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु के अग्रहारा दासराहल्ली में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इस शादी से नाराज पूजा के परिवार के लोग राजस्थान से बेंगलुरु पहुंचे और उसे कथित तौर पर घर से उठाकर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार कार कई वाहनों से टकरा गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए।

शादी के बाद बेंगलुरु में रह रहा था कपल

पुलिस के अनुसार, पूजा गुणारामू की बेटी है और मेलवास गांव की रहने वाली है। उसने शेष राम के बेटे ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु आ गए और अग्रहारा दासराहल्ली में रहने लगे। पूजा के परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। पुलिस के मुताबिक, परिवार की ओर से चार लोग बेंगलुरु पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने पूजा को उसके घर से उठाया और हुंडई वेन्यू कार में बैठाकर वहां से निकल गए।

कार बेकाबू हुई और कई वाहनों से टकराई

यह घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती को लेकर जा रही कार बेकाबू हो गई और कई वाहनों से टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान 12 वर्षीय पृथ्वीराज, 9 वर्षीय यशिका, 35 वर्षीय अमूल, 64 वर्षीय मणि, 57 वर्षीय जयलक्ष्मी और 33 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। जयलक्ष्मी के सिर में चोट आई है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।

तीन आरोपी हिरासत में, चालक फरार

पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के रहने वाले तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनकी पहचान राकेश (31), करण (25) और अयान (18) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सद्दाम नाम का व्यक्ति कार चला रहा था और घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में लिया है। फरार चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पढ़ें ये खबरें