हेमंत शर्मा, इंदौर। बेंगलुरु में ट्रेकिंग के लिए गया इंदौर का 31 वर्षीय युवक अद्वैत उपाध्याय लापता है। युवक के लापता होने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से इंदौर पुलिस तक पहुंची है। मामले में अब एक अहम जानकारी सामने आई है कि लापता होने से पहले अद्वैत ने अपनी मंगेतर से फोन पर आखिरी बार बात की थी। इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया।अद्वैत के अचानक लापता होने और मोबाइल फोन बंद होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिवार की ओर से अपहरण की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
शिवगंगे में ट्रेकिंग के लिए पहुंचा था अद्वैत
अद्वैत मूल रूप से इंदौर का रहने वाला है और बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड क्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को नेलमंगला तालुक स्थित शिवगंगे की पहाड़ी पर ट्रेकिंग के लिए गया था। वह सुबह करीब 6.30 बजे शिवगंगे पहुंचा और अपनी किराए की मोटरसाइकिल पहाड़ी की तलहटी में खड़ी करने के बाद ट्रेकिंग के लिए ऊपर चला गया।
मंगेतर से आखिरी फोन कॉल, फिर अचानक संपर्क टूट गया
मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, अद्वैत ने ट्रेकिंग पर जाने के दौरान अपनी मंगेतर से फोन पर बातचीत की थी। यही उसकी आखिरी बातचीत बताई जा रही है।इसके बाद अद्वैत से किसी की बातचीत नहीं हो पाई। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिवार और परिचितों ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला।आखिरी फोन कॉल के बाद अचानक संपर्क टूटने से पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
CCTV में पहाड़ी की ओर जाता दिखा
बेंगलुरु पुलिस की जांच में सामने आया है कि CCTV फुटेज में अद्वैत को शिवगंगे की पहाड़ी की ओर जाते हुए देखा गया है। इसके बाद उसकी लोकेशन को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस शिवगंगे और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है। साथ ही CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बेंगलुरु पुलिस ने दर्ज किया गुमशुदगी का मामला
युवक के लापता होने की शिकायत के बाद बेंगलुरु पुलिस ने कडुगोडी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस की टीमें शिवगंगे और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
इंदौर पुलिस भी जुटा रही जानकारी
इंदौर पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से अद्वैत के लापता होने की जानकारी पुलिस तक पहुंची है। इसके बाद इंदौर पुलिस ने भी अपने स्तर पर जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।इंदौर पुलिस बेंगलुरु पुलिस से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अद्वैत बेंगलुरु में कहां रहता था, उसका स्थानीय संपर्क और अन्य जानकारी क्या है तथा वहां की पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है।
अभी तक इंदौर पुलिस के पास नहीं पहुंचे परिजन
इंदौर पुलिस के मुताबिक, अभी तक अद्वैत के किसी परिजन ने इंदौर पुलिस से संपर्क नहीं किया है। पुलिस को फिलहाल सोशल मीडिया के जरिए मामले की जानकारी मिली है।पुलिस का कहना है कि अगर युवक के परिजन इंदौर पुलिस से संपर्क करते हैं तो उनकी पूरी मदद की जाएगी और बेंगलुरु पुलिस के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग भी किया जाएगा।
अपहरण की आशंका, लेकिन पुष्टि नहीं
युवक के अचानक लापता होने, आखिरी फोन कॉल के बाद संपर्क टूटने और मोबाइल बंद होने के कारण परिवार को अपहरण की आशंका सता रही है। हालांकि फिलहाल पुलिस ने अपहरण की पुष्टि नहीं की है।पुलिस अलग-अलग संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि मंगेतर से आखिरी फोन पर बात करने के बाद अद्वैत कहां गया और उसके बाद उसका मोबाइल क्यों बंद हो गया।बेंगलुरु पुलिस की तलाश और इंदौर पुलिस की समानांतर जानकारी जुटाने की कार्रवाई के बाद ही युवक के लापता होने की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


