धनबाद। बीसीसीएल की बेनीडीह परियोजना में सितंबर 2022 में सीआईएसएफ के साथ हुई मुठभेड़ में चार युवकों की मौत के चर्चित मामले की जांच अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) करेगा। करीब चार साल पुराने इस मामले की विस्तृत जांच के लिए आयोग की टीम 22 सितंबर को धनबाद पहुंच रही है। टीम घटना से जुड़े मृतकों के परिजनों, घायलों, प्रत्यक्षदर्शियों और तत्कालीन प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से पूछताछ करेगी।

इस मामले में बाघमारा थाना में 20 नवंबर 2022 को केस दर्ज किया गया था। अब NHRC की जांच में घटना से पहले की परिस्थितियों से लेकर मुठभेड़ और उसके बाद हुई कार्रवाई तक की पूरी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

DIG रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में जांच

जांच टीम में डीआईजी रैंक के आईपीएस अधिकारी गौरव गर्ग और डिप्टी एसपी दुष्यंत सिंह शामिल हैं। टीम घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने के साथ उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की भी पड़ताल करेगी।

जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर गंभीर लापरवाही, नियमों की अनदेखी या प्रक्रिया में गड़बड़ी के प्रमाण सामने आते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। हालांकि, किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी या दोष जांच के निष्कर्ष और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा।

दो अलग-अलग सूचियां तैयार

NHRC की पूछताछ के लिए दो अलग-अलग सूचियां तैयार की गई हैं। पहली सूची में घटना से प्रभावित नागरिकों और दूसरे पक्ष में तत्कालीन प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों तथा मुठभेड़ में शामिल CISF जवानों को रखा गया है।

पहली सूची में मृतकों के परिजन, घायलों के परिजन, प्रत्यक्षदर्शी, घटना से जुड़े वाहन चालक और मामले के शिकायतकर्ता शामिल हैं।

चारों मृतकों के परिजनों से होगी पूछताछ

जांच टीम मुठभेड़ में मारे गए चार युवकों के परिजनों से भी पूछताछ करेगी। उनसे घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों के अलावा मृतकों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी ली जाएगी।

मृतकों के नाम:

  • जलालुद्दीन खान उर्फ शहजाद खान (32), पिता- असलम खान, निवासी- राथटांड़, कतरास।
  • मोहम्मद शमीम अंसारी (25), पिता- हबीब अंसारी, निवासी- गुंधुसा, हरिहरपुर।
  • मोहम्मद अताउल्ला अंसारी उर्फ अतुल अंसारी (25), पिता- मोहम्मद मुस्लिम अंसारी, निवासी- राथटोड़, बाघमारा।
  • प्रतीम नोनिया (29), पिता- स्वर्गीय गणेश नोनिया, निवासी- तेलोटांड़, बाघमारा।

घायल और प्रत्यक्षदर्शी भी जांच के दायरे में

घटना में घायल हुए लोगों के परिजनों से भी टीम जानकारी लेगी। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर उस रात हुए घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जाएगी।

घटना से संबंधित वाहन जेएच-10-सीएल-0848 के चालक शंकर रवानी को भी पूछताछ के लिए सूचीबद्ध किया गया है। मामले के शिकायतकर्ता अनूप कुमार से भी जांच टीम जानकारी लेगी। जांच के दौरान यदि कोई अन्य व्यक्ति घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी वाला पाया जाता है, तो उससे भी पूछताछ की जा सकती है।

तत्कालीन अफसरों से भी होगी पूछताछ

जांच की दूसरी सूची में घटना के समय धनबाद में पदस्थ रहे कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें तत्कालीन जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और संबंधित थानों के प्रभारी शामिल हैं।

इसके अलावा तत्कालीन बाघमारा थाना प्रभारी, कतरास थाना प्रभारी, हर्षनपुर थाना प्रभारी और मामले के अनुसंधानकर्ता से भी घटना और उसके बाद की कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली जाएगी।

तीन CISF जवान भी सूची में

मुठभेड़ में शामिल CISF जवानों से भी NHRC की टीम पूछताछ करेगी। सूची में तीन जवानों के नाम और पहचान दर्ज हैं। इनमें CISF कांस्टेबल अरुण कुमार यादव, CISF उप निरीक्षक दिनेश शर्मा और पिंटू कुमार शामिल हैं।

चार साल बाद फिर चर्चा में बेनीडीह मुठभेड़ मामला

सितंबर 2022 की इस घटना को लेकर दर्ज मामले की जांच अब NHRC के स्तर पर आगे बढ़ने से एक बार फिर यह मामला चर्चा में है। आयोग की टीम अलग-अलग पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना तथा उसके बाद की कार्रवाई की पड़ताल करेगी। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।